बास रोड की संतोष कॉलोनी में किराये के कमरे पर रहने वाले पति-पत्नी ने एक ही फंदे पर लटककर जान दे दी। उनके पास से एक नोटबुक में दो लाइन का सुसाइड नोट भी लिखा हुआ मिला है। सुसाइड में लिखा है कि दोनों अपनी मर्जी से आत्महत्या कर रहे हैं। दोनों को एक ही चिता पर लिटा देना व हमारी डेडबॉडी मां-बाप को दे देना। आगे लिखा है कि हमारा सारा सामान मेरे छोटे भाई को दे देना। इसके अलावा शुक्रवार को युवक ने इंस्टाग्राम पर स्टोरी लगाई थी जिसमें उसने लिखा था कि भाइयों सभी को आखिरी गुड नाइट।
मध्य प्रदेश के सागर जिले के गांव बरपानी की रहने वाली 22 वर्षीय हाली और 25 वर्षीय राजकुमार की शादी वर्ष 2020 में हुई थी। दोनों की लव मैरिज हुई थी। दोनों संतोष कॉलोनी में पिछले तीन वर्षों से किराये के कमरे पर रह रहे थे। राजकुमार भिवाड़ी की एक फैक्टरी में बतौर श्रमिक कार्य करता था। राजकुमार के पिता, छोटा भाई व मां तीनों इसी कॉलोनी में खुद का मकान बनाकर रह रहे हैं। जिस मकान में राजकुमार और उसकी पत्नी रहते थे, उसके दो अन्य कमरों में भी श्रमिक ही रहते हैं।
बच्चा नहीं होने से परेशान रहता था दंपती
शनिवार दोपहर राजकुमार के कमरे में कोई हलचल नहीं होने पर फंदा लगाने का पता चला। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों की शादी को पांच साल हो गए थे लेकिन उन्हें कोई बच्चा नहीं हुआ था जिसकी वजह से दोनों परेशान रहते थे। फंदा लगाने के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। धारूहेड़ा पुलिस आत्महत्या के अन्य पहलओं की जांच कर रही है। धारूहेड़ा थाना प्रभारी कश्मीर सिंह ने बताया कि मौके से सुसाइड नोट मिला है। मामले की जांच की जा रही है।