हरियाणा अर्बन डेवलेपमेंट अथॉरिटी (हुडा) ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई के तहत शहर के पोसवाल चौक पर करीब 15 साल से हो रहे कब्जों को हटवा दिया। सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक हुई कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। कार्रवाई के दौरान कुछ विरोध भी हुआ, लेकिन पुख्ता पुलिस व्यवस्था के चलते सब निपट गया।
ज्ञात हो कि अमर उजाला ने छह नवंबर को ‘हुडा की जमीन पर कब्जा, विभाग मौन’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। खबर में बताया कि पोसवाल चौके समीप हुडा की ग्रीन बेल्ट एवं सब-वे पर कुछ लोगों ने 15 साल से कब्जा किया हुुआ है। खबर के प्रकाशन के बाद हरकत में आए प्रशासन ने सोमवार को जेसीबी एवं अन्य वाहनों की मदद से कब्जे हटवाए।
-----------------
विरोध के बाद बुलानी पड़ी पुलिस
हुडा विभाग की ओर से पंद्रह सालों पुराने कब्जे हटाने के बाद ग्रीन बेल्ट पर बनाए गए अवैध निर्माण पर भी पीला पंजा चलाया गया। सेक्टर-4 ग्रीन बेल्ट पर कब्जे को हटाने पहुंची टीम को महिलाओं के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। इसके बाद एस्टेट आफिसर सिदार्थ ने और पुलिस बल बुलाया। इसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई की।
--------------------
आईओसी चौक से अभय सिंह चौक तक हटाएं जाएंगे कब्जे
बावल रोड स्थित आईओसी चौक से लेकर दिल्ली रोड स्थित अभय सिंह चौक तक करीब साढ़े चार किमी लंबे बाईपास की ग्रीन बेल्ट एवं सब-वे पर कब्जाधारियों को राज है। यहां पर लोगों ने कच्चे से लेकर पक्के निर्माण किए हुए हैं। लेकिन हुडा अधिकारियों की नींद टूट चुकी है। इसलिए सोमवार से पोसवाल चौक से शुरू हुई कार्रवाई अब प्रतिदिन चलेगी। तथा दोनों ओर अवैध कब्जों को हटाया जाएगा।
------------
सोमवार को पोसवाल चौक पर अवैध कब्जे हटाए गए हैं। बाकी कब्जाधारियों को नोटिए दिए गए हैं। कब्जे हटाने तक कार्रवाई जारी रहेगी।
-सिदार्थ सिंह, एस्टेट आफिसर, हुडा