हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी की ओर से एचटेट के लिए जिले में 39 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 14 व 15 नवंबर को परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्रशासन ने इस संबंध में सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
ये जानकारी उपायुक्त डॉ. यश गर्ग ने शुक्रवार को जिला सचिवालय सभागार में एचटैट परीक्षा से संबंधित डयूटी मजिस्ट्रेटों, केंद्र अधीक्षकों, सुपरवाइजर व उडनदस्ता में शामिल अधिकारियों की एक बैठक को संबोधित करते हुए दी।
उन्होंने कहा कि परीक्षा में किसी भी परीक्षार्थी को नकल नहीं करने दी जाएगी। उड़न दस्ता दल समय-समय पर परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करेगा। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर जैमर की व्यवस्था करवाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि प्रश्नपत्रों की पेटियाें को जिला मुख्यालयों पर सुरक्षित भिजवाने के लिए अलग से उड़नदस्तों का प्रबंध किया गया है।
उन्होंने सभी केंद्र अधीक्षकों को निर्देश दिए कि अध्यापक पात्रता परीक्षा के दौरान सभी केंद्र अधीक्षक पूरी ईमानदारी से अपनी ड्यूटी निभाएं ताकि नकल रहित परीक्षाएं समपन्न करवाई जा सकें। उन्होंने बताया कि सुबह परीक्षा खत्म होने के बाद ओएमआर का लिफाफा बंद करवाकर प्राचार्य की अलमारी में रखवाएंगे तथा अलमारी सील करेंगे और इस कार्य की भी वीडियोग्राफी करवाएंगे। 39 केंद्रों में से 37 ऑफलाइन एवं 2 आनलाइन केंद्र शामिल है।
यह है परीक्षा का समय, 200 मीटर तक धारा 144
पीजीटी लेवल 3 परीक्षा 14 नवंबर को दोपहर 3 से 5:30 बजे तक होगी। वहीं, प्राइमरी टीचर लेवल-1 परीक्षा का समय 15 नवंबर को सुबह साढ़े 10 से 1 बजे तथा टीजीटी लेवल 2 परीक्षा का समय 15 नवंबर को दोपहर 3 बजे से 5:30 बजे तक रहेगा। उन्होंने बताया कि जिला में बनाए गए सभी परीक्षा केंद्रों की 200 मीटर परिधि में 14 व 15 नवंबर के दिन परीक्षा अवधि के दौरान धारा 144 लागू रहेगी, जिसके तहत परीक्षा केंद्रों की 200 मीटर की परिधि में घातक हथियार लेकर चलने पर पाबंदी रहेगी और परीक्षा अवधि के दौरान परीक्षा केंद्रों की 200 मीटर की परिधि में असामाजिक व्यक्तियों का प्रवेश वर्जित रहेगा। वहीं, परीक्षावधि में फोटो स्टेट की दुकानें भी पूरी तरह बंद रहेंगी।
---------
बना कंट्रोल रूम, अतिरिक्त पुलिस बल भी होगा तैनात
उपायुक्त ने बताया कि हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा को शांतिपूर्वक व नकल रहित ढंग से समपन करवाने के लिए उपायुक्त कार्यालय रेवाड़ी के कमरा नंबर 103 में एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जिसके दूरभाष नंबर 01274-225368 व 01274-220232 हैं। वहीं पुलिस अधीक्षक बलवान सिंह राणा ने बताया कि किसी भी अप्रिय घटना से निपटने व परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार के बाहरी हस्तक्षेप को रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया जाएगा। जिला शिक्षाधिकारी धर्मबीर बल्ड़ोदिया ने एचटैट परीक्षा से संबंधित दिशा-निर्देशों के बारे में बारीकी से जानकारी प्रदान की।
----------
सभी रूटों पर चलेंगी अतिरिक्त बस
डा. गर्ग ने बताया कि परीक्षार्थियों की आवागमन सुविधा को मद्देनजर रखते हुए महा प्रबंधक हरियाणा राज्य परिवहन को सभी रूटों पर अतिरिक्त बसें चलाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने के लिए परेशानियों का सामना ना करना पडे और परीक्षार्थी समयानुसार अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंच सके। बैठक में एसडीएम कोसली निर्मल नागर, नगराधीश भारत भूषण गोगिया, महाप्रबंधक हरियाणा रोडवेज संदीप सिंह, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी डॉ. अमरचंद कौशिक सहित जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन के अन्य अधिकारियों सहित एचटैट परीक्षा से संबंधित ड्यूटी मैजिस्ट्रेट, केंद्र अधीक्षक, सुपरवाइजर व उड़नदस्ता में शामिल अधिकारी उपस्थित रहे।