नेताजी सुभाष चंद्र बोस पार्क में बातचीत करते लोग। स्रोत : स्थानीय नागरिक
रेवाड़ी। भाड़ावास चौक स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस पार्क में समाजसेवी संजय शर्मा की अध्यक्षता में शहर के जागरूक नागरिकों की एक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में शहर की सार्वजनिक समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई और यह निर्णय लिया गया कि आने वाले दिनों में अगले 5 साल, कैसा हो रेवाड़ी का हाल नाम से व्यापक अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत टीम शहर के हर वार्ड में जाकर नागरिकों से जनसंपर्क करेगी, उनकी समस्याएं सुनेगी और विकास हेतु उनके सुझावों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेगी।
समाजसेवी संजय शर्मा ने बताया कि सर्वप्रथम हमें प्रत्येक वार्ड में जाकर जनता से सीधा संवाद स्थापित करना होगा। हमें ये जानना चाहिए कि नगर परिषद की वर्तमान चेयरमैन के 5 वर्षीय कार्यकाल से जनता कितनी संतुष्ट है और आने वाले 5 सालों में वे कौन-कौन से कार्य प्राथमिकता से करवाना चाहती है।
नागरिकों की इन अपेक्षाओं का दस्तावेजीकरण कर आगे उन पर कार्य करवाने का प्रयास किया जाएगा। बैठक में मौजूद सभी जागरूक नागरिकों ने इस मिशन में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त अध्यापक मदन लाल सैनी, एडवोकेट कैलाश चंद्र बलडोदिया, नारायण दास, दलीप सैनी, प्रेम सिंह प्रजापत, देवेंद्र शर्मा और जय कुमार सैनी उपस्थित रहे।