बिजली गिरने से क्षतिग्रस्त हुई दीवार।
- फोटो : Rewari
खोल। क्षेत्र के गांव पाड़ला में रात को हुई बारिश के दौरान तेज गड़गड़ाहट व धमाके के साथ घर पर बिजली गिरने से घर की दीवारों में दरारें आ गईं। साथ ही बिजली के उपकरण भी जलकर राख हो गए। बिजली गिरी तो घर में सो रहे लोग डर के मारे बाहर निकल गए।
गांव पाड़ला निवासी प्रकाश ने बताया कि रविवार शाम से ही तेज बारिश हो रही थी। रात को वह अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। अचानक आसमान में तेज गड़गड़ाहट हुई और घर के एक हिस्से में धमाका हुआ। धमाके की आवाज सुनकर वह परिवार सहित घर के बाहर दौड़ पड़े। बाद में पता चला कि मकान पर बिजली गिरी है। बिजली गिरने से उसके मकान की दीवारों में दरारें आ गई हैं। बिजली गिरने से विद्युत के सभी उपकरण जल गए। उन्होंने बताया कि बिजली गिरने से मकान में आई दरारों से पूरे मकान में बारिश का पानी अंदर गिरना शुरू हो गया हैै। पीड़ित ने जिला प्रशासन से आर्थिक सहायता देने की गुहार लगाई है।