शहर के बावल रोड स्थित एक होटल में एक युवती के साथ दुष्कर्म कर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। लेकिन पुलिस अभी तक आरोपियों का सुराग नहीं लगा पाई है।
जानकारी के अनुसार शहर के एक मोहल्ला निवासी एक युवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 22 अप्रैल को दिन में वह अपने मोहल्ले की गली में खड़ी हुई थी। इसी दौरान कुलदीप व दो अन्य युवक उसे बावल रोड स्थित एक होटल में ले गए, जहां तीनों आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात को बांद आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। शिकायत के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। लेकिन आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
क्या होटल संचालक पर भी होगी कार्रवाई
ऐसे में बड़ा सवाल है कि आरोपियों ने युवती को होटल में ले जाकर वारदात को अंजाम कैसे दिया। जब आरोपी युवती को कमरे ले गए उस वक्त होटल में कोई नहीं था। क्या युवती ने शोर नहीं मचाया। ऐसे में क्या पुलिस होटल संचालक के खिलाफ भी कार्रवाई करेगी।
पीड़िता की शिकायत के बाद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।
-प्रमिला, जांच अधिकारी