गांव कारोली में चोरों ने एक घर में सेंध लगा कर करीब डेढ़ लाख रुपये के जेवरात व 62 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। चोरी की घटना के समय परिवार के सदस्य गांव में ही स्थित दूसरे मकान पर गए हुए थे। वापस लौटने के बाद चोरी का पता लगा। नाहड़ चौकी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गांव कारोली निवासी राजेंद्र सिंह ने अपनी शिकायत में बताया कि शुक्रवार की रात करीब आठ बजे वह अपने परिवार के साथ गांव में स्थित पुराने मकान पर गया था। पुराने मकान से वापस लौटे तो दरवाजे पर लगा ताला टूटा हुआ था तथा अंदर कमरों में रखा सामान बिखरा पड़ा था। चोर घर के अंदर से करीब डेढ़ लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात व 62 हजार रुपये चोरी कर ले गए। सूचना के बाद नाहड़ चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद राजेंद्र सिंह की शिकायत पर चोरी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।