संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। भारतीय इतिहास के प्रति विद्यार्थियों में रुचि पैदा करने के लिए जिले में इतिहास ओलंपियाड परीक्षा 15 फरवरी को कराई जाएगी। इस परीक्षा में सभी राजकीय विद्यालयों के छठी से 9वीं कक्षा के विद्यार्थी भाग लेंगे।
जिले में पहली बार यह परीक्षा आयोजित कराई जा रही है जिसमें राजकीय विद्यालयों के विद्यार्थी हिस्सा लेंगे। इसको लेकर विद्यार्थी तैयारियों में जुट गए हैं। यह परीक्षा तीन स्तर पर आयोजित होगी। सबसे पहले परीक्षा विद्यालय स्तर पर आयोजित होगी। इसके बाद क्लस्टर स्तर और फिर खंड स्तर पर परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में पहले तीन स्थानों पर आने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार दिया जाएगा। प्रथम आने वाले विद्यार्थी को 300 रुपये, दूसरे स्थान पर आने वाले को 200 व तीसरे स्थान पर आने वाले विद्यार्थी को 100 रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से सभी विद्यालय मुखियाओं को पत्र भेजकर यह परीक्षा सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
-
परीक्षा में पूछे जाएंगे 50 वैकल्पिक प्रश्न
इस परीक्षा के लिए 50 वैकल्पिक प्रश्न दिए जाएंगे। परीक्षा का समय 45 मिनट का होगा। तीन स्तर पर होने वाली इस परीक्षा में छठी से 9वीं कक्षा के विद्यार्थी शामिल होंगे। एससीईआरटी की ओर से सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को प्रश्न-पत्र उपलब्ध कराए जाएंगे। विद्यालय स्तर पर परीक्षा का आंकलन संबंधित अध्यापकों द्वारा किया जाएगा। इसका परिणाम 18 फरवरी तक खंड स्तर पर भेजा जाएगा।
-
यह है परीक्षा का उद्देश्य :
- सभी विद्यार्थियों में भारतीय इतिहास के प्रति रूचि पैदा करना।
- सभी विद्यार्थियों में एक स्वस्थ प्रतियोगी दृष्टिकोण पैदा करना।
- परीक्षा की बेहतर तैयारी करवाना।
- प्रतिभाशाली छात्रों को सम्मानित करना तथा उनका उत्साहवर्धन करना।
वर्जन :
इतिहास ओलिंपियाड परीक्षा 15 फरवरी को होगी। इससे विद्यार्थी आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित होंगे। सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर दिशा-निर्देश दिए जा चुके हैं। -कपिल पूनिया, जिला शिक्षा अधिकारी रेवाड़ी।