संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। शहर के सेक्टर-4 में हिंदू सम्मेलन आयोजन समिति की बैठक बुधवार की शाम हुई। इसमें 22 फरवरी को आयोजित होने वाले हिंदू सम्मेलन की रूपरेखा तय की गई।
बैठक में समिति का नाम हिंदू सम्मेलन आयोजन समिति केशव बस्ती रखने का निर्णय लिया गया। इसके तहत सेक्टर चार, शक्ति नगर, कृष्णा नगर एवं राजीव नगर क्षेत्र को शामिल किया गया है।
समिति के संरक्षक के रूप में अशोक सोमाणी और संयोजक के रूप में सेक्टर चार के प्रधान सुरेंद्र यादव के मार्गदर्शन में हिंदू सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
आयोजन से जुड़े विभिन्न कार्यों के लिए सह संयोजक, कोषाध्यक्ष सहित अलग-अलग उप समितियों का गठन किया गया। समिति सदस्यों ने कहा कि वर्तमान समय में हिंदू समाज को जाति-पात से ऊपर उठकर एकजुट होने और राष्ट्रहित में सोचने व कार्य करने की आवश्यकता है।
इसी उद्देश्य से हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। समिति ने बताया कि यह कार्यक्रम 22 फरवरी सुबह 10 बजे आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन को भव्य स्वरूप देने के लिए प्रभात फेरी, कलश यात्रा एवं हवन यज्ञ आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।