रेवाड़ी। पंचकूला में बुधवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने प्रगतिशील किसानों के साथ प्राकृतिक खेती को लेकर संवाद किया। इसमें जिले से कृषि उपनिदेशक डॉ. जितेंद्र अहलावत के नेतृत्व में अरावली किसान क्लब के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर किसानों से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव रखे।
प्रतिनिधिमंडल में अरावली किसान क्लब के कोषाध्यक्ष वेदप्रकाश शर्मा, ब्लॉक खोल के उपप्रधान महेश कुमार, ब्लॉक बावल के कार्यालय प्रभारी रामनिवास, सीआरपी किसान जगदीश पाथूहेड़ा तथा मास्टर ट्रेनर डॉ. अनिल कुमार दखौर शामिल रहे। किसानों ने गाय खरीद पर सब्सिडी योजना के पोर्टल में आ रही तकनीकी समस्याओं को दूर करने, बायोगैस संयंत्र पर 100 प्रतिशत सब्सिडी देने, प्राकृतिक खेती के लिए एक-दो एकड़ भूमि की अनिवार्यता समाप्त करने तथा इस प्रकार के किसान संवाद कार्यक्रम जिला स्तर पर भी आयोजित करने की मांग प्रमुख रही। मुख्यमंत्री ने किसानों के सुझावों को गंभीरता से सुना और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।