रेवाड़ी। जिले में सोमवार को दिनभर तेज धूप खिली रही, जिससे लोगों को गर्मी का अहसास हुआ। सुबह से ही आसमान साफ रहा और दोपहर के समय धूप तेज होने के साथ तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई।
सोमवार को अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं मंगलवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सुबह के समय मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहा, लेकिन सूरज चढ़ने के साथ गर्मी बढ़ती गई। दोपहर में धूप की तपिश अधिक रही। शाम को धूप कम होने के बाद तापमान में गिरावट आने से लोगों को कुछ राहत मिली। इन दिनों दिन और रात के तापमान में अंतर बना हुआ है, जिसके चलते सुबह-शाम में गर्मी महसूस हो रही है।
मौसम विभाग के अनुसार 25 सितंबर तक जिले में मौसम सामान्य तौर पर परिवर्तनशील और खुश्क रहने की संभावना है। बीच-बीच में आसमान पर हल्के बादल छाने के आसार हैं, बारिश की गतिविधियां कम रहने की संभावना है। संवाद