वेंटिलेटर उपलब्ध कराने की मुहिम वीरवार को सफल हो गई। जनस्वास्थ्य राज्यमंत्री की मांग पर स्वास्थ्य मंत्री ने जिले को मोबाइल वैन देने की स्वीकृति प्रदान कर दी। इसी में वेंटिलेटर मौजूद रहेगा। इसके बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को तत्काल प्रभाव से इलाज मिलेगा।
अमर उजाला ने कई दिनों से नागरिक अस्पताल को वेंटिलेटर दिलाने की मुहिम चला रखी थी। इसी कड़ी में विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों की मांग को अमर उजाला ने स्वर प्रदान किया था। इस मुहिम से जुड़कर कारवां बनता चला गया। हर वर्ग के लोगों को इसमें साथ लिया गया। यहां तक कि क्षेत्र से जुड़े मंत्रियों तक ने इसमें अपनी पूरी सहभागिता निभाई।
इसका असर रहा कि वीरवार को रेवाड़ी को मोबाइल वैन मिलने की मंजूरी मिल गई। अब इसके अभाव में लोगों की जान नहीं जाएगी। कैबिनेट की चंडीगढ़ में हुई मीटिंग में जनस्वास्थ्य राज्यमंत्री बनवारीलाल ने स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के सामने क्षेत्र से जुड़ी इस सबसे बड़ी मांग को रखा। इसके लिए उन्होंने अमर उजाला में लगातार प्रकाशित हो रहे समाचारों का भी हवाला दिया। इसके अभाव में हो रही समस्या को ध्यान में रखकर स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने मोबाइल वैन मंजूर कर दी।
यह होगा लाभ
अभी तक गंभीर घायल मरीजों को अस्पताल लाया जाता था। वेंटिलेटर के अभाव में उनका यहां उपचार नहीं हो पाता था। इसी कारण प्राथमिक उपचार के बाद मरीजों को रेफर कर दिया जाता था। गंभीर हालत के चलते मरीजों की मौत तक हो जाती थी। अब ऐसा नहीं होगा। मोबाइल वैन में वेंटिलेटर मौजूद रहेगा। अस्पताल में चिकित्सक को दिखाने से रेफर किए अस्पताल तक पहुंचाने के समय तक मरीज इसमें रखे वेंटिलेटर पर सुरक्षित रहेगा। इसके संचालन के लिए एक चिकित्सा कर्मचारी भी मिलेगा। ऐसे में शीघ्र उपचार के अभाव में मरीजों की जान नहीं जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने मांग स्वीकारी
हमने कैबिनेट की मीटिंग में अमर उजाला की खबरों का हवाला देकर स्वास्थ्य मंत्री से जिले को वेंटिलेटर दिलाने की मांग की थी। इस पर मंत्री जी ने कहा कि रेवाड़ी के अतिरिक्त कई और जिलों में भी वेंटिलेटर नहीं है। इसका लंबा प्रोसेस है। उन्होंने जिले की जायज मांग को देखकर तात्कालिक रूप से मोबाइल वैन देने की घोषणा की है। इस मोबाइल वैन में वेंटिलेटर मौजूद रहेगा। इस अभियान को चलाने और लोगों को जागरूक करने के लिए अमर उजाला का धन्यवाद। - बनवारीलाल, जनस्वास्थ्य राज्यमंत्री
लोग बोले अखबार हो तो अमर उजाला जैसा
यह रेवाड़ी के लिए बहुत बड़ा अचीवमेंट है। हमारे पास अभी तक लाइफ सेविंग चीज नहीं थी। अमर उजाला केे प्रयास के बाद यह हमें मिल गई है। इसके लिए अमर उजाला के साथ पूरे जिले की जनता को बधाई। - डॉ. सुदर्शन पंवार, एसएमओ, रेवाड़ी
अमर उजाला ने लोगों के सरोकार का मुद्दा उठाया। यह बहुत बड़ी बात है। इसके लिए अमर उजाला को जितनी अधिक बधाई दी जा सके उतनी कम है। - शमशेर यादव, अध्यक्ष बार एसोसिएशन, रेवाड़ी
यह हमारे जिले के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है। लोग जहां बिजनेस की तरफ भाग रहे हैं वहीं अमर उजाला आज भी सामाजिक सरोकार के मुद्दे उठा रहा है। - विनोद जोशी, जीएम, शंकाई इंडिया
इस अभियान की सफलता ने साबित कर दिया कि अमर उजाला का कोई सानी नहीं है। जिस शिद्दत के साथ अमर उजाला ने इस अभियान को लगातार चलाकर सफलता प्राप्त की वह वाकई में तारीफ के काबिल है। - रवि गुप्ता, उद्योगपति
आखिर सभी के प्रयास रंग लाए। हमारी मुहिम सफल हो गई। अमर उजाला के साथ पूरे जिले के लोगों को धन्यवाद। हम चाहते हैं कि आगे भी अन्य अखबार इसी तरह की मुहिम चलाते रहे। - अमित सांगवान, इलका प्रमुख, इनसो