रेवाड़ी। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने मंगलवार को गांव रामपुरा में आयोजित लिंगानुपात पर आधारित सम्मान समारोह में मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के 10 वर्ष पूरे हो गए हैं। एक दशक में इस योजना ने भारत में लैंगिक समानता और बच्चियों की स्थिति में सुधार लाने में महत्वपूर्ण प्रगति की है। एक साल के लिंगानुपात के डाटा आधार पर 5 हजार से ज्यादा आबादी वाले गांवों में उनका गांव रामपुरा कन्या जन्मदर में जिले में पहले पायदान पर रहा है। गांव की इस उपलब्धि पर मेधावी छात्राओं को सम्मानित करते हुए उन्हें गर्व की अनुभूति हो रही है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के जनवरी 2024 से दिसंबर 2024 तक के लिंगानुपात के आकड़ों पर नजर डाली जाए तो गांव रामपुरा की कुल जनसंख्या 5201 है, इसमें एक साल के दौरान कुल 56 नवजात शिशुओं ने जन्म लिया, इनमें 32 बेटियां और 24 बेटे शामिल हैं। ऐसे में लिंगानुपात का प्रतिशत 1333.333 बनता है। उन्होंने ग्रामवासियों का आह्वान किया कि वे बेटियों को बचाएं और उन्हें खूब पढ़ाएं-लिखाएं। उन्होंने कहा कि वे भी इस गांव की बेटी हैं और उन्हें इस बात पर गर्व है। उन्होंने कहा कि आज की बेटियां हर क्षेत्र में देश-प्रदेश का मान बढ़ा रही है। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना पोपली, पूर्व जिला पार्षद नीतू चौधरी, सरपंच नरेश यादव नरु, प्रदीप ठेकेदार नारायणपुर मौजूद रहे।