संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। तापमान में उतार-चढ़ाव के बीच मामूली लापरवाही के चलते लोगों की सेहत बिगड़ रही है। दिन में तल्ख धूप से गर्मी और रात में ठंड पड़ रही है। वर्तमान में वायरल बुखार, सर्दी-जुकाम, हड्डी दर्द और त्वचा रोग से पीड़ित लोग इलाज कराने के लिए अस्पताल में पहुंच रहे हैं।
कई दिन बाद सोमवार को सुबह धुंध रही। 11 बजे तक हल्की धुंध छाई रही। इसके बाद पूरे दिन धूप रही, मगर रात के समय ठंड बरकरार रही। सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। अधिकतम तापमान में करीब चार डिग्री सेल्सियस का उछाल आया है और न्यूनतम तापमान में 4.5 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। लगाता तापमान में उतार-चढ़ाव की वजह से सोमवार को सिविल अस्पताल की ओपीडी 1500 पार चली गई। ओपीडी में वायरल, हड्डी के दर्द, त्वचा रोग से पीड़ित मरीज पहुंचे। इनमें वायरल के करीब साढे 500 मरीज दर्ज किए गए हैं। वहीं, त्वचा रोग की ओपीडी बरसात के बाद से लगातार बढ़ी है। पहले जहां लगभग 200 पीड़ित आते थे, लेकिन अब यह संख्या बढ़कर 250 से 300 के बीच पहुंच गई है।
फिजिशियन डॉ. मनीष का कहना है कि इस समय दिन-रात के मौसम में बदलाव के चलते अधिकांश लोग बीमार पड़ रहे हैं। लोगों को सर्दी, खांसी, त्वचा रोग, फीवर के प्रकोप से बचाव के लिए अपनी सेहत का अधिक ध्यान रखना चाहिए। खासतौर पर नवजात शिशुओं की अधिक देखभाल करना जरूरी है। क्योंकि सर्द मौसम से शिशुओं को बुखार, खांसी, सांस लेने में परेशानी जैसी समस्याएं होती हैं। लोगों को विशेष ध्यान रखने की जरूरत है, मौसम बदल रहा है।
फरवरी में दिखेगा तापमान में उतार-चढ़ाव
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्र मोहन ने बताया कि वर्तमान परिदृश्य में एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से पूरे इलाके में हल्की दक्षिणी पूर्वी हवाएं चलने से नमी की मात्रा में बढ़ोतरी हुई, जिसकी वजह से कोहरा की गतिविधियां देखने को मिली। पहले पखवाड़े में लगातार ठंड के रंग देखने को मिलेंगे, जबकि दूसरे पखवाड़े में ठंड के तेवर ढीले पड़ जाएंगे। साथ ही फरवरी में 5 से 6 पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसमें केवल दो पश्चिमी विक्षोभ से हल्की बारिश की गतिविधियों की संभावना है। पहले पखवाड़े में मौसम गतिशील और परिवर्तनशील बना रहेगा। 3 फरवरी को दूसरा और तीसरा 11 फरवरी को और चौथा 15 फरवरी को सक्रिय होने मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। हल्की बूंदाबांदी की गतिविधियां देखने को मिलेगी।
ट्रेनें भी हो रही है लेट:
मौसम में बदलाव के कारण ट्रेनों के संचालन पर भी प्रभाव पड़ रहा है। पूजा एक्सप्रेस और पोरबंदर एक्सप्रेस 2 घंटा लेट रही। जिम कॉर्बेट, रानीखेत, आला हजरत आधा घंटा की देरी से पहुंची। ट्रेनें लेट होने से यात्री परेशान हैं। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि रेलवे स्टेशन पर पहुंचने से पहले ऑनलाइन ट्रेन का लाइव स्टेटस जरूर चेक करें, ताकि स्टेशन पर लंबा इंतजार ना करना पड़े।