कोसली। शहर की कॉलोनियों की सड़कों पर लगे सीवर के ढक्कन लोगों के लिए सिरदर्द बन चुके हैं। सीवर के ढक्कन कहीं सड़क की सतह से ऊपर तो कहीं नीचे हैं। इससे लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
इसमें शहर का नाहड़ रोड, नठेड़ा रोड, कोसली रोड शामिल है। लोगों का कहना है कि इन मार्गों से प्रशासन से लेकर नेताओं तक के वाहन गुजरते हैं, लेकिन उन्हें यह समस्या दिखाई नहीं देती है। नाहड़ रोड पर मेन बाजार में पिछले एक पखवाड़े से सीवर का ढक्कन टूटा हुआ है। शिकायत बार-बार विभाग को करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।
स्थानीय लोगों और राहगीरों ने प्रशासन से सीवर के ढक्कन को सड़क से बराबर कराने की मांग की है। बात शहर की कोसली रोड और नठेड़ा रोड की ओर आने वाले मेन रास्तों की हो तो सीवरों के ढक्कन सड़क के स्तर से कहीं ऊपर लगाए गए हैं तो कहीं नीचे। स्थानीय लोग कई बार इसकी शिकायत भी कर चुके लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो पाती।
बदबू से लोग हो रहे परेशान
प्रमोद, विजय, अजय का कहना है कि कई बार सीवर जाम होने से इतनी गंदी बदबू आती है कि आसपास से गुजरना भी मुश्किल हो जाता है। जिन लोगों के घर पास में होते हैं, उनके लिए समस्या कई ज्यादा होती है। क्योंकि बदबू घर के अंदर तक जाती है। इससे लोगों का घर में रहना भी मुश्किल हो जाता है।
-
वर्जन:
शहर में सीवर के ढक्कन सड़क की सतह से ऊपर-नीचे होने का मामला संज्ञान नहीं है। अभी तक किसी ने शिकायत भी नहीं दी है। यदि शिकायत आएगी तो कार्रवाई की जाएगी। कोई ठेकेदार सड़क बनाते वक्त सीवर ढक्कन लगाते वक्त कोताही बरतेगा तो उस पर भी संज्ञान लिया जाएगा। - अशोक यादव, कार्यकारी अभियंता, जन स्वास्थ्य विभाग।