पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव को ज्ञापन देते दमकल विभाग के कर्मचारी। स्रोत : प्रवक्ता
रेवाड़ी। दमकल विभाग के कर्मचारी अपनी लंबित मांगों को लेकर लगातार धरने पर बैठे हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव और पूर्व मंत्री जगदीश यादव ने धरना स्थल पर पहुंचकर कर्मचारियों को अपना समर्थन दिया और उनकी मांगों को जायज ठहराया।
इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी समस्याओं से संबंधित एक विस्तृत ज्ञापन भी उन्हें सौंपा। इस अवसर पर कैप्टन अजय सिंह यादव ने कहा कि दमकल कर्मचारी समाज के सच्चे प्रहरी हैं जो हर समय अपनी जान जोखिम में डालकर जनता की सुरक्षा करते हैं लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि आज वही कर्मचारी अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने को मजबूर हैं।
उन्होंने कहा कि फरीदाबाद की घटना सरकार की लापरवाही और संवेदनहीनता का जीता-जागता उदाहरण है जहां ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को पर्याप्त सुरक्षा उपकरण तक उपलब्ध नहीं कराए गए।
उन्होंने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मौजूदा सरकार पूरी तरह कर्मचारी विरोधी, किसान विरोधी, युवा विरोधी, महिला विरोधी और जवान विरोधी बन चुकी है। उन्होंने कहा कि आज हर वर्ग इस सरकार से परेशान है और किसी भी तबके की समस्याओं को सुनने वाला कोई नहीं है। सरकार केवल दिखावे की राजनीति में लगी हुई है, जबकि जमीन पर कर्मचारी, किसान और आम जनता गंभीर संकट झेल रहे हैं।
कैप्टन अजय सिंह यादव ने आश्वासन दिया कि कांग्रेस पार्टी दमकल कर्मचारियों के साथ मजबूती से खड़ी है और उनकी मांगों को हर स्तर पर उठाया जाएगा। यदि सरकार ने जल्द ही कोई ठोस निर्णय नहीं लिया, तो कांग्रेस पार्टी कर्मचारियों के साथ मिलकर सड़कों से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी।
कर्मचारी फरीदाबाद के सेक्टर-24 स्थित एक फैक्टरी में आग बुझाने के दौरान हुई दर्दनाक घटना जान गंवाने वाले कर्मियों को नौकरी व मुआवजा दिलाने के लिए मांग की जा रही है।