मोहल्ला हंसनगर में सास-बहू के झगड़े में बीच-बचाव करने गए पुलिस कर्मियों पर पुत्रवधू पक्ष के लोगों ने हमला कर वर्दी फाड़ दी तथा पीसीआर के शीशे भी तोड़ दिए। मौके पर पहुंचें अन्य पुलिसकर्मियों की मदद से आरोपियों को काबू कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान पटौदी निवासी संतरा, योगेश, रमेश, गुरग्राम के गढ़ी हरसरू निवासी सतीश व रेवाड़ी के हंसनगर निवासी निशा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार पुलिस को फोन के माध्यम से सूचना मिली कि हंसनगर निवासी गुड्डो के साथ उसकी पुत्रवधू झगड़ा कर रही है। सूचना के बाद हैड कांस्टेबल ललित कुमार व होमगार्ड गिरीवर राइडर पर सवार होकर हंस नगर में गुड्डो के मकान पर पहुंचे, जहां गुड्डो व उसकी पुत्रवधू निशा आपस में झगड़ा कर रही थी। कुछ समय बाद दो गाड़ियों में सवार होकर निशा पीहर वाले भी आ गए, जिसमें सात लोग शामिल थे। हेडकांस्टेबल ललित कुमार दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान संतरा देवी ने उसकी गिरेबान पकड़कर वर्दी फाड़ दी। हेडकांस्टेबल जब अपने फोन से रिकार्डिंग करने लगा तो संतरा के साथ उसका बेटा योगेश, भाई सतीश के अलावा अक्षय, रोहित व अमन ने भी उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद ललित ने हमले की सूचना थाना में दी। हमले की सूूचना के बाद पीसीआर-10 में सवार होकर हेडकांस्टेबल अजीत व सिपाही रमेश मौके पर पहुंचे तो संतरा देवी व उसके बेटे योगेश ने पीसीआर के आगे व साइड के शीशे तोड़ दिए तथा सिपाही रमेश को भी चोटें मारी।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करके आरोपी संतरा, योगेश, रमेश निवासी पटौदी, निशा निवासी हंसनगर, सतीश निवासी गढ़ी हरसरू गुरुग्राम को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को शनिवार को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।