ततारपुर ईस्तमुरार विद्यालय में छात्राओं को सम्मान देते शिक्षक। स्रोत : स्कूल
रेवाड़ी। नांदेड़ (महाराष्ट्र) में 28 जनवरी से 31 जनवरी तक आयोजित 69वें नेशनल स्कूल गेम्स में देशभर की 28 टीमों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में हरियाणा की 14 बालिकाओं की टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस टीम ने ब्रॉन्ज मेडल जीतकर राज्य का नाम रोशन किया।
इस उपलब्धि में राजकीय आदर्श संस्कृत वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ततारपुर ईस्तमुरार की कक्षा आठ की छात्रा यशु और याशिका भी शामिल रहीं। दोनों छात्राओं ने राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय, गांव, जिला और राज्य को गौरवान्वित किया। इनकी इस सफलता से क्षेत्र में खुशी की लहर है।
छात्राओं की इस उपलब्धि पर शुक्रवार को विद्यालय परिसर में एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया जिसमें छात्राओं को सम्मानित किया गया। समारोह की अध्यक्षता विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य विनोद मेहता ने की। इस अवसर पर शिक्षक मनोज बाबूजी, सुनील, नरेंद्र सिंह, विजेंद्र सिंह, मुकेश कुमार, जसबीर, महावीर सिंह सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में असिस्टेंट एजुकेशन ऑफिसर (एईओ) सुनील कुमार ने शिरकत की। उन्होंने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह की उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनती हैं। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों की भूमिका की भी सराहना की।
छात्राओं के कोच रविंद्र कुमार ने भी टीम के समर्पण और मेहनत की प्रशंसा करते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास और अनुशासन से ही यह सफलता संभव हो पाई है। समारोह के अंत में सभी ने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।