व्यायामशाला के बीच में से गुजर रही लाइन। स्रोत : ग्रामीण
- फोटो : गौरीगंज रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते यात्री।
धारूहेड़ा(रेवाड़ी)। गांव खरखड़ा की व्यायामशाला के बीच में 11 केवी की हाईटेंशन लाइन गुजर रही है जबकि परिसर के फुटपाथ के बीच में एक बिजली का बड़ा पोल खड़ा है। लगातार अनदेखी के चलते अब हरियाणा मानवाधिकार आयोग में शिकायत दर्ज कराई गई है। आयोग ने मामले में संज्ञान लेते हुए बिजली निगम और अन्य संबंधित विभागों से रिपोर्ट मांगी है।
खरखड़ा निवासी प्रकाश यादव ने बताया कि व्यायामशाला वर्ष 2019 में बनाई गई थी और 2024 में इसका शुभारंभ हुआ था। अब यह सुरक्षा संबंधी गंभीर चिंताओं का केंद्र बन गई है। बिजली निगम से इस लाइन और पोल को हटाने का अनुरोध किया लेकिन इसके बजाय उन्हें 1,37,483 रुपये जमा करने का नोटिस भेजा गया।
व्यायामशाला में स्ट्रीट लाइटें तो लगी हुई हैं लेकिन उनमें बिजली कनेक्शन नहीं दिया गया है और न ही कोई सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं। इसके कारण रात के समय पूरा परिसर अंधेरे में डूबा रहता है जो बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए जोखिम भरा है।
ग्रामीण उम्मीद कर रहे हैं कि अब अधिकारियों द्वारा जनहित को प्राथमिकता दी जाएगी। यह व्यायामशाला गांव की प्रगति और युवाओं के स्वास्थ्य के लिए बनाई गई थी लेकिन आज हाईटेंशन लाइन, पोल और अंधेरे की वजह से यह परिसर खतरे का स्थान बन गया है।