महाराणा प्रताप चौक के पास सब्जी बेच रहा दुकानदार। संवाद
रेवाड़ी। सर्दी की दस्तक के साथ ही सब्जियों के दामों में गिरावट का दौर शुरू हो गया है। त्योहारों के बाद बाजार में सब्जियों की भरपूर आवक से खरीदारों के साथ-साथ दुकानदारों के चेहरों पर भी मुस्कान लौट आई है। बीते एक सप्ताह में खुदरा बाजार में सब्जियों के दामों में 10 से 20 प्रतिशत तक की कमी दर्ज की गई है।
पहले जहां लोगों को सब्जियां खरीदने के लिए जेब ढीली करनी पड़ रही थी, वहीं अब मंडियों में अच्छी आवक के चलते दामों में गिरावट आई है। सब्जी मंडी के दुकानदार नरेश सैनी, अनूप और राजकुमार का कहना है कि मांग की तुलना में आपूर्ति अधिक होने के कारण यह स्थिति बनी है।
मंडी में अधिकांश सब्जियों के भाव में गिरावट देखी गई है। एक सप्ताह पहले 60 से 70 रुपये किलो बिकने वाली गोभी अब 40 से 50 रुपये किलो मिल रही है। टमाटर के दाम 80 से 100 रुपये से घटकर 50 से 60 रुपये किलो रह गए हैं। इसी तरह शिमला मिर्च 60 रुपये से घटकर 40 रुपये किलो और लौकी 30 से 35 रुपये से घटकर अब 15 से 20 रुपये किलो बिक रही है।
-
सस्ती सब्जियों से रसोई में बढ़ा स्वाद
कमला देवी, पूनम, विमला, नरेश कुमारी, सरोज और कविता ने बताया कि सब्जियों के दामों में कमी आने से अब वे सभी प्रकार की सब्जियां खरीद पा रही हैं। दाम घटने से रसोई में विभिन्न प्रकार के व्यंजन बनने लगे हैं और परिवार के स्वाद के अनुसार रोज नई सब्जियां पकाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सब्जियां सस्ती होने से घरेलू बजट पर भी सकारात्मक असर पड़ा है और खर्चों में राहत मिली है।
सब्जी और उसके दाम (प्रति किलो में)
सब्जी का नामपहले के भावअब के भाव
गोभी70 50
टमाटर100– -60
शिमला मिर्च6050
पालक 35 20
मैथी 60 40
मूली30 20
बैंगन60 40
गाजर 60-50