जाटूसाना पंप हाउस पर नहर में कटे हुए दो हाथ और एक पैर मिलने से खलबली मच गई है। पुलिस ने कटे हुए अंगों बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। यहां बता दें हाल ही में हाईवे पर किसी युवक का कटा हुआ सिर मिला था, जिसकी न ही अभी तक पहचान हो सकी है और न ही इस हत्याकांड का अभी खुलासा हुआ है।
जानकारी के अनुसार जवाहर लाल नेहरू कैनाल के जाटूसाना स्थित पंप हाउस पर शाम के समय जाल में रुके हुए कचरे को हटाने पहुंचे सिंचाई विभाग के कर्मचारियों को कटे हुए दो हाथ व एक पैर दिखाई दिया। कर्मचारियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची जाटूसाना थाना पुलिस ने कटे हुए अंगों को पानी से निकलवाकर अस्पताल पहुंचाया। जाटूसाना थाना पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यहां बता दें कि कुछ दिनों पहले राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या- 71 स्थित गांव मांढैया की सीमा में एक कटा हुआ सिर मिला था। इस सिर की भी अभी तक कोई पहचान नहीं हो पाई है। इस मामले में पुलिस का कहना था कि करीब 32 वर्षीय युवक का सिर हो सकता है। दांत भी टूटे हुए थे, ऐसे में जाटूसाना नहर में मिले दो पैर व एक हाथ को मांढैया में मिले सिर से जोड़कर देखा जा रहा है।
डीएनए से कराएंगे मैच : एसएचओ
जाटूसाना थाना एसएचओ पवन ने कहा कि अंगों को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। रेवाड़ी में मिले सिर व यहां मिले पैर व हाथ में क्या कनेक्शन है, इसकी जांच के लिए डीएनए की टेस्ट होगा। हत्या का मुकदमा दर्ज कर आसपास जांच की जा रही है। क्षेत्र से कितने लोग लापता हुए हैं, उनकी डिटेल भी मंगवाई गई है।