रेवाड़ी। मंगलवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राव तुलाराम स्टेडियम में होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम में भीड़ जुटाने का जिम्मा सरकारी विभागों के पास रहेगा। सरकारी कर्मचारियों की उपस्थिति को सुनिश्चित करने के लिए संबधित विभाग के अधिकारी स्टेडियम में ही कर्मचारियों की हाजिरी लेंगे। 19 जून को रिहर्सल के दौरान भी कर्मचारियों की हाजिरी स्टेडियम में ही ली गई थी। विश्वस्त अधिकारी सूत्रों की मानें तो किसी भी तरह की लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर गाज गिरना निश्चित है। कार्यक्रम में स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, आंगनवाड़ी एवं सविल प्रशासन अन्य विभागों अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहेंगे।
--------------
शिक्षा विभाग के हिस्से में 2100 की संख्या जुटाना
स्टेडियम में भीड़ को बढ़ाने में सबसे अहम योगदान सरकारी स्कूलों के बच्चों का रहने वाला है। जिला प्रशासन की ओर से शिक्षा विभाग से बच्चों सहित 2100 की संख्या जुटाने के निर्देश दिए गए हैं। शिक्षा विभाग की ओर से गांव-गांव में बसें लगाकर यहां स्कूली बच्चे बुलाने की तैयारी कर ली है। बच्चों को गांवों से स्टेडियम तक पहुंचाने का जिम्मा रोडवेज एवं निजी स्कूलों की बसों को दिया गया है। रिहर्सल के दौरान भी सरकारी स्कूलों की बच्चियों की संख्या काफी ज्यादा देखने को मिली थी।
----------
आम लोगों का स्टेडियम में योगा के लिए नहीं पहुंचना चिंताजनक
योग कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने पूरी तरह से कमर कसर कसी हुई है। प्रशासन के सभी विभाग के अधिकारी कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। 19 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की रिहर्सल में सरकारी विभाग के कर्मचारियों के अलावा जिले के आम लोगों की संख्या नाम मात्र की थी। केंद्र एवं प्रदेश सरकार के योगा को आम लोगों तक पहंचाने के उद्देश्य में आम लोगों की भागेदारी ना के बराबर होना चिंता की बात है।
----------
वर्जन-
योगा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए शिक्षा विभाग पूरी तरह तैयार है। प्रशासन की उम्मीद से ज्यादा विभाग की संख्या स्टेडियम में मौजूद रहेगी।
-धर्मबीर बल्डोदिया, डीईओ, रेवाड़ी।