रेवाड़ी। रेवाड़ी अनाज मंडी में गेहूं की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर सरकारी खरीद शुरू हो गई है। मौसम साफ होने के बाद गेहूं की आवक तेज हुई है। वीरवार को किसान गेहूं लेकर मंडी पहुंचे। 35 किसानों के गेट पास काटे गए। वेयरहाउस की ओर से शाम तक 1144 क्विंटल गेहूं की खरीद की गई।
कोसली अनाजमंडी में गेहूं की भारी आवक हो रही है। कोसली मंडी में अबतक 76 हजार क्विंटल से अधिक गेहूं की सरकारी खरीद हो चुकी है। वीरवार को 12,298 क्विंटल गेहूं के लिए 303 गेटपास जारी किए गए।
मार्केट कमेटी के सचिव विकास कुमार ने बताया कि एक अप्रैल से अब तक मंडी में 2,35,249 क्विंटल गेहूं की आवक हो चुकी है और 4,998 गेटपास जारी किए जा चुके हैं।
वेयरहाउस के खरीद अधिकारी जगदीश बांगड़ ने बताया कि मंडी में वीरवार शाम तक 76,019 क्विंटल गेहूं की खरीद हो चुकी है। अनाज मंडी में उठान की गति तेज हुई है। मंडी से 58,762 कट्टों यानी 29,381 क्विंटल गेहूं का उठान किया गया, लेकिन अभी गेहूं खुले में पड़ा है।
खरीद के समय वेयरहाउस मैनेजर आशा, एमएस रूपेश, जितेन्द्र सिंह (एआर मार्केट कमेटी), संदीप कुमार, गुलशन और भाकियू चढूनी से प्रधान समय सिंह व राजेंद्र गेरा मौजूद रहे।
सरसों की आवक हुई धीमी
कोसली मंडी में सरसों की आवक धीमी गति से हो रही है। अब तक 7,765 क्विंटल सरसों के मात्र 361 गेटपास जारी किए गए हैं। मंडी में सरसों की बिक्री मुख्य रूप से ओपन में आढ़तियों द्वारा ही की जा रही है। किसानों से अपील की गई है कि वे अपने गेहूं और सरसों को मंडी में ही लेकर आएं ताकि सरकारी खरीद सुचारू रूप से हो सके।