रेवाड़ी। हरियाणा सरकार में सहकारिता एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री डाॅ. बनवारी लाल ने बावल विधानसभा क्षेत्र में अविरल वेग से हो रहे ढांचागत व आधारभूत विकास कार्यों की शृंखला में शनिवार को बावल विधानसभा के विभिन्न गांवों में कल्याणकारी विकास कार्यों का उद्घाटन किया। इनमें गांव ढाणी भालखी, चीताडूंगरा, नांगल जमालपुर में लगभग 2 करोड़ रुपयों की लागत से निर्मित बूस्टिंग स्टेशन और गांव चीताडूंगरा व ढाणी भालखी में इंटरलॉकिंग टाइल सड़क उद्घाटन शामिल रहे।
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री ने कहा कि सरकार की महत्वाकांक्षी ‘हर घर नल सेे जल’ योजना से हरियाणा प्रदेश के घर-घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाया जा रहा है। सूखाग्रस्त, पथरीले इलाकों में भी प्रदेश की मनोहर सरकार पानी की पाइप लाइन बिछाकर पेयजल परियोजनाओं से स्वच्छ पेयजल पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों के कार्यकाल में महिलाएं कई किलोमीटर दूर पैदल चलकर पानी भरने जाती थीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने महिलाओं के दर्द व तकलीफ को समझा और ऐसी विकट परिस्थितियों से जूझते इस प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में जल जीवन मिशन की ‘हर घर नल से जल’ योजना के माध्यम से नल कनेक्शन देकर स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का काम किया। सरकार प्रदेश में ‘जल’ के लिए जीवन मिशन बना रही है। उन्होंने सरकार द्वारा जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के जरिए आमजन के स्वास्थ्य व जीवन स्तर के उत्थान के लिए शुरू की गई कल्याणकारी योजनाओं के विषय में ग्रामीणों से चर्चा भी की। इस दौरान ग्रामीणों ने पुष्प मालाओं व पगड़ी पहनाकर अभिनंदन किया। इस अवसर पर एसडीएम रेवाड़ी होशियार सिंह आदि मौजूद रहे।