प्रतियोगिता के दौरान एक मंच पर छात्राएं अपना पोस्टर दिखातीं। स्रोत : कॉलेज
रेवाड़ी। प्रथम महिला शिक्षिका माता सावित्रीबाई फुले राजकीय कन्या महाविद्यालय में हिंदी भाषा एवं साहित्य के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता और रचनात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अंतर-महाविद्यालय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें पोस्टर मेकिंग, रंगोली, भाषण, कविता पाठ और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं हुईं। राजकीय महाविद्यालय रेवाड़ी ने पोस्टर मेकिंग में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. ज्योति यादव ने कहा कि हिंदी केवल अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं, बल्कि देश की समृद्ध सांस्कृतिक एवं साहित्यिक विरासत की पहचान भी है। उन्होंने छात्राओं को हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रेरित करते हुए सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। डॉ. सुनीता यादव ने मंच संचालन किया।
पोस्टर और रंगोली के माध्यम से विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा, साहित्य और भारतीय संस्कृति से जुड़े विषयों को रचनात्मक रूप में प्रस्तुत किया। भाषण और कविता पाठ में हिंदी की महत्ता तथा वर्तमान समय में इसकी प्रासंगिकता पर विचार रखे गए। प्रश्नोत्तरी में हिंदी भाषा एवं साहित्य से संबंधित ज्ञान का परीक्षण किया गया।
हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. अनीता के मार्गदर्शन में प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन हुआ। परिणामों में राजकीय कन्या महाविद्यालय रेवाड़ी ने क्विज, कविता पाठ, भाषण और रंगोली में प्रथम तथा पोस्टर मेकिंग में तृतीय स्थान प्राप्त किया। राजकीय महाविद्यालय रेवाड़ी ने पोस्टर मेकिंग में प्रथम, क्विज व कविता पाठ में द्वितीय स्थान हासिल किया।
राजकीय कन्या महाविद्यालय पाली ने भाषण और रंगोली में तृतीय, राजकीय कन्या महाविद्यालय बावल ने भाषण में द्वितीय, राजकीय महाविद्यालय जाटूसाना ने पोस्टर मेकिंग में द्वितीय व क्विज में तृतीय तथा आरडीएस कॉलेज रेवाड़ी ने रंगोली में द्वितीय और कविता पाठ में तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों और सहयोगी सदस्यों का आभार जताया गया।