रेवाड़ी। जिले के गांव गोकलगढ़ में चोरों ने तीन दुकानों के ताले तोड़कर लाखों का सामान चोरी कर लिया। एक रात में तीन दुकानों के ताले टूटने से ग्रामीणों और दुकानदारों में रोष है।
ग्रामीण पुलिस और सरपंच के कहने पर भी सर्दी के मौसम में ठीकरी पहरा लगाने को तैयार नहीं है। पुलिस का कहना है कि थाने के करीब 70 फीसदी गांवों में ग्रामीण ठीकरी पहरा लगा रहे हैं। जहां सर्दी के मौसम में चोरी की कोई वारदात नहीं हुई है।
तीन दुकानों के ताले तोड़कर वारदात
चोरों ने मंगलवार की देर रात गांव में बस अड्डे पर एक के बाद एक तीन दुकानों के ताले तोड़े। चोर एक स्वर्णकार की दुकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के गहने चुरा ले गए। चोरों ने एक परचून की दुकान का ताला तोड़ा और वहां से हजारों रुपये का सामान चुरा लिया। चोरों ने एक डॉक्टर के क्लिनिक का ताला भी तोड़ा लेकिन वहां से चोरी की सूचना नहीं है।
ठीकरी पहरा की बात नहीं मानते ग्रामीण
गांव के सरपंच प्रतिनिधि राजबीर ने बताया कि सर्दी का मौसम शुरू होने के बाद पुलिस ने गांवों में ठीकरी पहरा लगाने का प्रस्ताव दिया था। पंचायत इस बारे में कई बार ग्रामीणों से बातचीत कर चुकी है लेकिन ग्रामीण पंचायत की बात नहीं मान रहे। इससे सदर पुलिस को अवगत करवा दिया था। अर्ध शहरी क्षेत्र होने के कारण पुलिस को रात के समय गांव में गश्त बढ़ानी चाहिए।
सरपंच से कई बार कर चुके अनुरोध
सदर थाना एसएचओ राजेंद्र ने बताया कि सर्दी के मौसम में चोरी की वारदात बढ़ जाती हैं। सर्दी का मौसम शुरू होते ही पुलिस ने सभी गांवों में पंचायतों से ठीकरा पहरा लगवाने का अनुरोध किया था। थाने के 70 फीसदी गांवों में ठीकरी पहरे लग रहे हैं जहां चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगा है। गोकलगढ़ सहित कई गांव बार बार कहने के बाद भी ठीकरी पहरा नहीं लगा रहे। गांव की दो दुकानों में रात को चोरी हुई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी देखे जा रहे हैं ताकि चोरों की पहचान की जा सके।