कुंड। कुंड बैरियर स्थित एक डीजे रिपेरिंग की दुकान का ताला तोड़कर चोरों ने करीब 5 लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। दुकान मालिक सुबह दुकान खोलने पहुंचा तो दुकान के ताले टूटे मिले। खोल थाना पुलिस ने चोरी का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव भालखी निवासी प्रवीन कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने कुंड बैरियर पर दुकान मालिक मनेठी निवासी रंगराव से किराये पर लेकर डीजे रिपेयरिंग की हुई है, जो दुकान को प्रतिदिन की तरह 25 दिसंबर की शाम को बढ़ाकर घर चला गया था। अगले दिन 26 दिसंबर को सुबह आया तो देखा कि दुकान के शटर के ताले टूटे हुए मिले। इसके बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई। दुकान को खोलकर जांच की तो अंदर रखी हुई डीजे की 4 मशीन एंप्लीफायर, 5 टॉप कालम, 90-100 स्पीकर तथा अन्य सामान गायब मिला। चोरी हुए सामान की कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई जा रही है। खोल थाना पुलिस ने चोरी का केस दर्ज कर लिया है। प्रवीन की दुकान के बाहर एक गाड़ी के टायर के निशान भी मिले हैं। प्रवीन ने आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए तो उसमें एक संदिग्ध पिकअप गाड़ी घूमती हुई नजर आ रही है। हालांकि पिकअप के रजिस्ट्रेशन नंबर पता नहीं चल पाए है। पुलिस अब सीसीटीवी की मदद से चोरों की तलाश कर रही है।