थाना शहर में व्यापारियों के साथ आयोजित बैठक। स्रोत : पुलिस
रेवाड़ी। दिवाली और धनतेरस के मद्देनजर बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था और यातायात सुचारु रखने के लिए थाना शहर परिसर में व्यापारियों के साथ समन्वय बैठक हुई। इसमें थाना शहर के प्रभारी निरीक्षक सूबे सिंह ने व्यापारियों की समस्याएं सुनीं और सहयोग की अपील की। तय किया गया कि माल ढुलाई वाले वाहनों को बाजार में रात नौ बजे से सुबह नौ बजे तक ही प्रवेश दिया जाएगा।
माल ढुलाई करने वाले वाहनों की जांच पुलिस बैरिकेड और चेक-पॉइंट पर की जाएगी। रात नौ बजे से सुबह नौ बजे तक इन वाहनों को प्रवेश देने से दिन में बाजारों में भीड़ और जाम की समस्या कम करने में मदद मिलेगी।
प्रभारी ने व्यापारियों से दुकानों के बाहर फुटपाथ और सड़क पर सामान रखकर अतिक्रमण नहीं करने की अपील की। साथ ही प्रतिष्ठानों पर नाइट विजन सीसीटीवी कैमरे लगाने और उनका फोकस मुख्य सड़क व प्रवेश द्वार की ओर रखने के निर्देश दिए, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
व्यापारियों को साइबर ठगी, फर्जी लिंक और अवैध एप से सतर्क रहने की सलाह दी गई। किसी भी वित्तीय धोखाधड़ी पर साइबर हेल्पलाइन 1930 और संदिग्ध गतिविधि की सूचना डायल 112 पर देने को कहा गया। बैठक में हेमंत अग्रवाल, भोपाल मित्तल, अजय कुमार, संजीव जैन और कपिल गुप्ता सहित व्यापारी व पुलिसकर्मी मौजूद रहे।