संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। शहर के सर्कुलर रोड स्थित ब्रह्मगढ़ के ठीक सामने नकाबपोश बदमाशों ने स्कूटी पर सवार एक महिला के गले से दो तोले सोने की चेन छीन ली।
गांव खिजुरी निवासी कविता ने भाड़ावास गेट चौकी पुलिस को दी गई शिकायत में कहा है कि वह सोमवार को अपने पति देशराज के साथ स्कूटी से नाईवाली चौक स्थित सब्जी मंडी में आई थी। सब्जी खरीदने के बाद वह अपने दोनों बच्चों को स्कूटी पर पीछे लेकर बैठी थी। पति देशराज स्कूटी चला रहे थे। जैसे ही वह ब्रह्मगढ़ के सामने पहुंचे तो पीछे से एक सफेद रंग की बाइक आई।
बाइक पर सवार दो बदमाशों में एक ने झपट्टा मार कर उसके गले से दो तोले सोने की चेन खींच ली। इसके बाद बदमाश बस स्टैंड की तरफ भाग गए। भाड़ावास गेट चौकी पुलिस ने बाइक सवार बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।