रेवाड़ी। जिले के गांव मोतला कलां निवासी एक व्यक्ति ने कुछ लोगों पर मारपीट कर कार छीनने और खाली चेक व कागजात पर हस्ताक्षर कराने का आरोप लगाते हुए जगन गेट चौकी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव मोतला कलां निवासी प्रशांत ने बताया कि उनका डिस्पोजल कप व प्लेट बनाने का काम है। 22 अप्रैल को उनके पास करण सिंह नाम के व्यक्ति का फोन आया। करण सिंह ने बताया कि मानेसर व गुरुग्राम में उनकी कैंटीन है और उसे डिस्पोजल सामान की जरूरत है। व्यस्त होने के कारण वह करण सिंह ने नहीं मिल पाए। गुरुवार को सुबह व दोपहर के समय फिर से करण सिंह के कई बार फोन आए। करण सिंह ने उन्हें मिलने के लिए राव अभय सिंह चौक पर बुलाया। वह अभय सिंह चौक पर पहुंचे तो वहां करण सिंह का एक आदमी मिला, जो दिल्ली रोड पर नहर के निकट स्थित एक मकान पर ले गया। मकान पर बैठे एक आदमी ने अपना नाम करण सिंह बताया। वहां पर चार-पांच लोग और बैठे थे। आरोपितों उनके कपड़े उतरवा दिए और प्लास्टिक की पाइप से जमकर मारपीट की। करण ने फोन कर विजय सिंह को भी वहां बुला लिया। विजय सिंह पहले एक सीमेंट कंपनी में मार्केटिंग आफिसर था। तभी वह विजय सिंह का जानते हैं।
कार छीनी और हस्ताक्षर कराए
प्रशांत ने आरोप लगाया है कि आरोपितों ने मारपीट व धमकी देकर घर से उनकी चेकबुक मंगवा ली। विजय ने एक चेक में सात लाख 60 लाख रुपये भरकर उनके हस्ताक्षर करा लिए। इसके अतिरिक्त एक अन्य खाली चेक व कोरे कागजातों पर रसीदी टिकट लगा हस्ताक्षर करा लिए। आरोपियों ने उसकी कार भी छीन ली। विजय सिंह ने कहा कि जब सात लाख 60 हजार रुपये की राशि उनके खाते में आ जाएगी, उसके बाद ही कार वापस लौटाएंगे। आरोपियों के साथ मौजूद एक युवक उन्हें स्कूटी पर राव अभय सिंह चौक पर छोड़ गया। प्रशांत ने घर पहुंच कर परिजनों को वारदात की जानकारी दी। देर रात परिजन प्रशांत को लेकर शहर थाने पहुंचे तथा मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट, लूटपाट व रंगदारी मांगने सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।