कार्यक्रम को संबोधित करते सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल।
- फोटो : Rewari
रेवाडी। देश की अखंडता और एकता का संदेश देने के लिए शुरू की गई अखंड भारत संदेश यात्रा शनिवार को रेवाड़ी शहर के राव तुलाराम चौक पर पहुंची। इस दौरान इंडियन मीडिया सेंटर के सदस्यों ने यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान यात्रा में विभिन्न कॉलेजों की 150 छात्राएं शामिल रहीं। इस दौरान भारत माता के जयकारों के साथ पैदल यात्रा गुंजायमान रही। साथ ही छात्राओं ने संदेश दिया कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक पूरा भारत एक है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने कहा कि श्रीलंका, पाकिस्तान और बांग्लादेश के हालात खराब हो चुके हैं, जबकि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत का आज विश्व में डंका बज रहा है। इंडियन मीडिया सेंटर हरियाणा द्वारा शुरू की गई यात्रा को 12 अप्रैल को मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। यात्रा प्रदेश के विभिन्न जिलों से होते हुए शनिवार को रेवाड़ी पहुंची। शहर के राव तुलाराम चौक पहुंचने पर यात्रा का इंडियन मीडिया सेंटर रेवाड़ी की तरफ से फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। इसके बाद यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए डीएसपी मोहम्मद जमाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शहीद राव तुलाराम की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करते हुए भाड़ावास गेट, घंटेश्वर मंदिर मुख्य बाजार होते हुए यात्रा झज्जर चौक पहुंची। इस दौरान जगह-जगह समाजसेवी केशव चौधरी द्वारा यात्रा में शामिल बेटियों पर पुष्पवर्षा की गई। इसके बाद झज्जर रोड स्थित श्रीराम पैलेस में अखंड भारत संदेश यात्रा का अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अतिविशिष्ट अतिथि के तौर पर कोसली विधायक लक्ष्मण सिंह यादव और विशिष्ठ अतिथि के तौर पर ऑल इंडिया सैनी सेवा समाज के जिलाध्यक्ष मुकेश गोकल कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान मुख्य अतिथियों द्वारा यात्रा का नेतृत्व कर रही छात्रा मीनाक्षी और यात्रा के सदस्य को सम्मानित किया गया। इस यात्रा में देश के अलग-अलग जिलों के साथ-साथ जिले की भी बेटियों शामिल रहीं।