फोटो: 17रेवाड़ी। काकोरी कांड के अमर शहीद अशफाक उल्ला खां की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देते
रेवाड़ी। काकोरी कांड के अमर शहीद अशफाक उल्ला खां की 126वीं जयंती पर मंगलवार को मीरपुर में श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर समाजसेवी शीशपाल, सुधीर कुमार एडवोकेट, आकाश सिंह, पूनम देवी और मोनिका आदि उपस्थित रही।
इस मौके पर युवा संगठन डीवाईओ के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता शेर सिंह मीरपुर ने कहा कि शहीद अशफाक उल्ला खां भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के ऐसे महान क्रांतिकारी थे जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर देश की आजादी की नींव को मजबूत किया।
1925 में हुई ऐतिहासिक काकोरी ट्रेन डकैती में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी जिसका उद्देश्य आजादी के आंदोलन के लिए धन जुटाना था। ब्रिटिश सरकार ने 19 दिसंबर 1927 को उन्हें फांसी दे दी, पर उनका बलिदान देशवासियों के लिए प्रेरणा बन गया।
शेर सिंह ने कहा कि शहीद अशफाक उल्ला खां और राम प्रसाद बिस्मिल की दोस्ती हिंदू-मुस्लिम एकता की अमर मिसाल है। उन्होंने कहा कि आज जब समाज में सांप्रदायिकता फैलाने के प्रयास हो रहे हैं तब युवाओं को इन शहीदों की साझा विरासत और उनके अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए आगे आना चाहिए।