बेटी का लग्न लेकर लौट रहे एसआई की कार दुर्घटनाग्रस्त होने पर मदद करने आया युवक साढ़े सात लाख रुपये लेकर फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत मिलने पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसआई पुलिस लाइन में तैनात है।
जानकारी के अनुसार वर्तमान में पुलिस लाइन में तैनात करण सिंह हरियाणा पुलिस में सब इंस्पेक्टर हैं। वह मूल रूप से महेंद्रगढ़ के गांव तिगरा का रहने वाला है। 27 मार्च को वे बेटी का लग्न लेकर उसके साथ ही वापस आ रहे थे। अभी वे गांव माजरा भालखी के पास ही पहुंचे थे कि रास्ते में उनकी कार का एक्सीडेंट हो गया। दुर्घटना में पिता-पुत्री घायल हो गए। अस्पताल ले जाने के लिए राहगीरों ने दोनों को एक टाटा सूमो गाड़ी में बैठाया। इस दौरान एसआई ने रुपये रखे बैग भी रख लिया। उसमें साढ़े सात लाख रुपये थे। इसी दौरान घटनास्थल पर एक युवक भी उनके साथ इलाज में मदद कराने के बहाने बैठ गया।
फाटक के पास नकदी भरा बैग लेकर कूदा
गांव पाली फाटक के पास टाटा सूमो धीमी हुई। इसी दौरान बदमाश ने कार का गेट खोलकर छलांग लगा दी। जब तक कि घायल एसआई और अन्य लोग सब कुछ समझ पाते युवक फरार हो गया। दोनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने के बाद खोल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।