रेवाड़ी। औद्योगिक क्षेत्र धारूहेड़ा में एक बार फिर एटीएम कार्ड बदलकर खाते से नकदी साफ करने की वारदात बढ़ गई हैं। बुधवार शाम भी धारूहेड़ा के पीएनबी के एटीएम में मदद के बहाने एक व्यक्ति का कार्ड बदलकर शातिर बदमाशों ने खाते से 25 हजार रुपये की नकदी निकाल ली। सेक्टर-6 थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
सेक्टर-6 थाना पुलिस को दी शिकायत में बेस्टैक सोसायटी के टावर नंबर-2 में रहने वाले राजेंद्र सिंह यादव ने बताया कि वह पीएनबी के एटीएम पर नकदी निकालने के लिए गया था। एटीएम पर पहले से मौजूद एक व्यक्ति मदद करने के बहाने बातों में लगाकर उसका एटीएम कार्ड बदल लिया। उसके बाद पीड़ित वहां से चला गया, लेकिन कुछ देर बाद ही आरोपी ने उसके खाते से 25 हजार रुपये की नकदी साफ कर दी। नकदी निकाले जाने का मैसेज आने के बाद राजेंद्र को ठगी के बारे में पता चला। इसके बाद उसने तुरंत बैंक अधिकारियों से संपर्क किया। शिकायत के बाद सेक्टर-6 थाना पुलिस ने अज्ञात बदमाश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।