रेवाड़ी शहर के नागरिक अस्पताल में अनुबंध पर लगी महिला कर्मचारी ने वीरवार की सुबह अपने हाथ की नस काट ली। इससे नागरिक अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। इस दौरान मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने महिला को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां बाद में उसे छुट्टी दे दी गई।
वहीं महिलाकर्मी ने पीएमओ पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। मामले की जांच के लिए सीएमओ डॉ. सुदर्शन पंवार की ओर से दो सदस्यीय कमेटी गठित कर दी गई है, जो दो दिन बाद अपनी रिपोर्ट देगी।
जानकारी के अनुसार धारूहेड़ा के बास रोड निवासी सुनीता नागरिक अस्पताल में अनुबंध पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। वीरवार सुबह वह ड्यूटी पर नागरिक अस्पताल में पहुंची थीं। महिला कर्मचारी ने अस्पताल के कमरा नंबर-107 में जाकर ब्लेड से हाथ की नस काट ली।
अन्य कर्मचारी कमरे में पहुंचे तो महिलाकर्मी द्वारा अपने हाथ की नसें काट लेने का पता लगा और अधिकारियों को सूचना दी। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। महिलाकर्मी को ट्रामा सेंटर में तुरंत भर्ती कराया गया। समय पर उपचार के कारण महिला की जान बच गई।
पीएमओ पर लगाया प्रताड़ित करने का आरोप
महिला कर्मचारी सुमन ने बताया कि पीएमओ उसे हमेशा परेशान करते हैं। विरोध करने पर नौकरी से हटाने की चेतावनी देते हैं। वह सुबह साढ़े आठ बजे ही अपनी ड्यूटी पर आ जाती हैं। उन्हें किसी न किसी बहाने से प्रताड़ित करते रहते हैं। उन्होंने प्रधान चिकित्सा अधिकारी पर भी शिकायत नहीं सुनने का आरोप लगाया है। सूचना के बाद नागरिक अस्पताल चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंची। महिला कर्मचारी की ओर से सिविल सर्जन डॉ. सुदर्शन पंवार को मामले में शिकायत दी गई है।
ड्यूटी चार्ट लगाया हुआ है। उसके अनुरूप कर्मचारियों को निश्चित समय और स्थान पर ड्यूटी करने के निर्देश दिए हुए हैं। इसकी सुपरवाइजर की जिम्मेदारी होती है। किसी कर्मचारी को परेशान करने या दबाव डालने के आरोप निराधार हैं। उनका इससे कोई लेना-देना नहीं है।
-डॉ. जयभगवान जाटान, प्रधान चिकित्सा अधिकारी (पीएमओ)