दो अलग-अलग सड़क मार्गों पर शनिवार सुबह छाए घने कोहरे के कारण चार वाहन आपस में भिड़ गए। इस हादसे में दो लोग घायल हो गए।
इनमें से एक हादसा रेवाड़ी-नारनौल सड़क मार्ग स्थित गांव गोविंदपुरी पास हुआ जहां कार मुर्गियों से भरे ट्रक से टकरा गई। वहीं दूसरी घटना रेवाड़ी-महेंद्रगढ़ सड़क मार्ग स्थित गांव बुड़ौली की नहर के पास मोड़ पर हुई। इस हादसे में कपास से भरी गाड़ी को ट्राले ने टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार पहले हादसे में रेवाड़ी-नारनौल सड़क मार्ग से एक कार नारनौल जा रही थी। गोविंदपुरी के पास कुंड साइड से तेज रफ्तार में आ रहे मुर्गियों से भरे ट्रक ने कार को सीधी टक्कर मार दी। इससे कार पेड़ से टकरा गई। हादसे के बाद चालक ट्रक को लेकर मौके से फरार हो गया।
राहगीरों ने कार में सवार लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं दूसरे हादसे में रेवाड़ी-महेंद्रगढ़ सड़क मार्ग पर बुड़ौली नहर के पास घुमावदार मोड़ पर कपास से भरी गाड़ी को रेवाड़ी से आ रहे ट्रॉले ने जोरदार टक्कर मार दी।
इस हादसे में जहां पिकअप का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं चालक व उसके साथ बैठा एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में दोनों को रेवाड़ी के ट्रामा सेंटर ले जाया गया। हादसे की सूचना पर पिकअप चालक के परिजन कर्मबीर अस्पताल पहुंचे।
उन्होंने बताया कि सुबह चालक धर्मबीर व रतन प्रकाश निवासी पालड़ी पनिहार पिकअप में कपास भर कर रेवाड़ी के लिए रवाना हुए थे। सुबह घना कोहरा छाया हुआ था। उन्होंने बताया कि हादसे की सूचना डहीना पुलिस को दे दी गई है।