धारूहेड़ा। स्थानीय पुलिस ने 21 जनवरी की रात मोहल्ला रामनगर में एक युवक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी पंजाबी मोहल्ला धारूहेड़ा निवासी विकास शर्मा उर्फ अलबाड़ी, गांव अलावलपुर निवासी जितेंद्र उर्फ गोम, गांव महेश्वरी निवासी दिनेश उर्फ दिनू और गौरव चौधरी हैं।
एसपी कार्यालय से जारी विज्ञप्ति के अनुसार इस मामले में इससे पहले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। रामनगर निवासी देवेंद्र उर्फ दीपू ने शिकायत दी थी कि 21 जनवरी की रात वह दोस्त रोबिन से मिलने गए थे। इसी दौरान गौरव चौधरी और दीनू जाट ने फोन कर बुलाया। वह मौके पर पहुंचे तो कई युवक दो गाड़ियों और बाइकों पर आए और उनके ऊपर हमला कर दिया।
हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों और आसपास के लोगों के मौके पर पहुंचने पर आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। इस पर पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया था। पुलिस ने गिरफ्तार चारों आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।