रेवाड़ी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने करनाल के घरौंडा में आयोजित 11 वें मेगा सब्जी एक्सपो-2025 में रेवाड़ी के चार प्रगतिशील किसानों को स्टेट और दो किसानों को डिस्ट्रिक्ट अवाॅर्ड प्रदान कर सम्मानित किया।
इन किसानों के सम्मानित होने से जिले के अन्य किसानों को भी कुछ नया करने की प्रेरणा मिलेगी। जिला बागवानी अधिकारी मंदीप यादव ने बताया कि 21 से 23 मार्च तक घरौंडा में आयोजित हुए 11वें मेगा सब्जी एक्सपो-2025 में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा के प्रगतिशील किसानों को पुरस्कृत किया था। इनमें रेवाड़ी के 6 किसान शामिल थे। कुल दिए गए 11 राज्यस्तरीय पुरस्कारों में से चार पुरस्कार रेवाड़ी के किसानों को दिए गए। इनमें धारूहेड़ा के संजय यादव को प्राकृतिक खेती का प्रथम पुरस्कार, गांव आलमगीरपुर निवासी रितिक यादव को मशरूम उत्पादन का द्वितीय पुरस्कार, गांव गोपालपुर गाजी की राजबाला को मधुमक्खी पालन व शहद पैकिंग में प्रथम पुरस्कार और खुशी एग्रो बावल को आंवला प्रसंस्करण के लिए द्वितीय पुरस्कार दिया गया।
मंदीप यादव ने बताया कि डहीना खंड के गांव धवाना निवासी मामचंद को सब्जी की पैदावार के लिए जिलास्तरीय प्रथम पुरस्कार और गांवा कोलाना निवासी बिरेंद्र को सब्जी उत्पादन में जिला स्तर पर द्वितीय पुरस्कार दिया गया है। इस सब्जी मेले में लक्की ड्रॉ से निकाले गए इनाम में जिले के गांव नंदरामपुर बास निवासी सूबे सिंह को मिनी ट्रैक्टर मिला है। बागवानी विभाग रेवाड़ी कार्यालय के उद्यान विकास अधिकारी रूप सिंह को उत्कृष्ट अधिकारी का पुरस्कार इस मेले में दिया गया।
जिला बागवानी अधिकारी ने बताया कि जिले में सब्जी, फल व औषधीय पौधों के उत्पादन की ओर किसानों का रुझान बढ़ता जा रहा है।