फोटो: 29रेवाड़ी। धारूहेड़ा स्थित एक पार्किंग में आग लगने के बाद जलती बसें। स्रोत: स्थानीय
रेवाड़ी। धारूहेड़ा इलाके में दिवाली की रात खुशियों के बीच अचानक अफरा-तफरी मच गई। सेक्टर-6 स्थित बेस्ट टेक मॉल के पास बनी एक निजी बस पार्किंग में देर रात पटाखों की चिंगारी से आग लग गई। चिंगारी सबसे पहले एक बस पर गिरी जिससे आग भड़क उठी और देखते ही देखते पास खड़ी चार बसें जलकर राख हो गई।
मौके पर पहुंचे बस मालिक ने तत्परता दिखाते हुए चार अन्य बसों को समय रहते बाहर निकाल लिया ।
आग में पुलिसकर्मी हुआ घायल
आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और धारूहेड़ा थाना पुलिस की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं। आग बुझाने के प्रयास के दौरान डायल 112 पर तैनात एक पुलिसकर्मी दमकल की तेज प्रेशर वाली पानी की धार की चपेट में आ गया और घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसका इलाज जारी है। आग इतनी तेज थी कि दमकल वाहन के पहुंचने तक चारों बसें पूरी तरह जल चुकी थीं।
बसों का करोड़ों का नुकसान
धारूहेड़ा सेक्टर-6 के प्रभारी सचिन कुंडू के अनुसार, पार्किंग में कुल 8 बसें खड़ी थीं जिनमें से चार जल गईं। आग लगने का कारण दिवाली पर की गई आतिशबाजी से निकली चिंगारी बताया जा रहा है। बस मालिक ने बताया कि जलकर राख हुई बसों की कीमत करोड़ों में है। आग लगने की पूरी घटना की जांच की जा रही है।