संवाद न्यूज एजेंसी
बावल। सब ज्यूडिशियल काॅम्प्लेक्स का शिलान्यास सोमवार को किया जाएगा। इस लंबे समय से न्यायिक परिसर बनाने की मांग की जा रही थी।
शिलान्यास के मौके पर हाई कोर्ट के जस्टिस राजेश भारद्वाज उपस्थित रहेेंगे। इसके अलावा पंजाब व हरियाणा हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश शील नागू, बिल्डिंग कमेटी के अध्यक्ष जस्टिस अरुण पल्ली समेत सहित अन्य न्यायिक अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शिलान्यास कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। लंबे समय से बावल में न्यायिक परिसर की मांग चल रही थी। नए कोर्ट भवन के निर्माण के बाद से ही अधिवक्ताओं एवं क्लाइंट को नई बिल्डिंग में कई प्रकार की सुविधाएं मिलेंगी।
वर्तमान में यह कोर्ट रेस्ट हाउस के पास बावल में चलाई जा रही है। नई कोर्ट बिल्डिंग के साथ ही अधिवक्ताओं के बैठने की भी व्यवस्था की जाएगी। बावल बार एसोसिएशन के प्रधान प्रीतम ढिल्लों ने बताया कि सोमवार को दोपहर 2:15 बजे शिलान्यास का मुहूर्त रखा गया है। इस अवसर पर जिला सत्र न्यायाधीश गुरविंदर सिंह वाधवा सहित अन्य न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
वर्तमान में दो जज काम कर रहे हैं और करीब 300 वकील हैं। नया भवन बनने के बाद वकीलों को काफी राहत मिल जाएगी। चेंबर की कमी होने के कारण वकीलों को काफी परेशानियों का सामना भी करना पड़ता है। वकीलों का कहना है कि लंबे समय से शिलान्यास का इंतजार किया जा रहा था शिलान्यास होने के बाद इंतजार खत्म होगा।