फोटो : 16बैठक कर संगठन की आगामी गतिविधियों पर चर्चा करते लघु उद्योग भारती के पदाधिकारी। स्रोत
रेवाड़ी। लघु उद्योग भारती रेवाड़ी इकाई की एक बैठक निजी होटल में आयोजित की गई। बैठक में संगठन के विस्तार, आगामी कार्यक्रमों व जन-संपर्क गतिविधियों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। साथ ही महिला इकाई गठन को भी प्रोत्साहन मिला। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष संजय डाटा ने की।
बैठक में राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा दक्षिण हरियाणा को सेमिनार आयोजन के लिए दिए गए दायित्व पर चर्चा करते हुए विषय-वस्तु व रूपरेखा को अंतिम रूप देने व जिम्मेदारियों के वितरण पर निर्णय लिया गया। पुण्यश्लोका अहिल्या देवी होलकर के त्रिशताब्दी जन्मोत्सव को जन-जन तक पहुंचाने व प्रचार-प्रसार की रणनीति पर विचार हुआ। इस अवसर पर सीए निधि गौतम द्वारा देवी अहिल्या की जीवनी पर सारगर्भित व्याख्यान भी प्रस्तुत किया गया, जिसने सभी उपस्थितों को प्रेरित किया।
बैठक में बावल इकाई के गठन को लेकर विशेष चर्चा हुई, जहां संयोजक रोहित सचदेवा की उपस्थिति में तय किया गया कि जुलाई माह में इकाई का औपचारिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। साथ ही सदस्य संख्या में वृद्धि के लिए सक्रिय सहयोग का आह्वान किया गया।रेवाड़ी महिला इकाई के गठन पर विचार करते हुए मीनाक्षी गुप्ता, रजनी गुप्ता एवं संगीता ने महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए अपने प्रयासों का आश्वासन दिया। बैठक में जिला उपाध्यक्ष जिला संरक्षक अमित यादव, सुधीर चौधरी, जिला महासचिव राजेश अग्रवाल, जिला कोषाध्यक्ष नरेश गोयल, वनवासी कल्याण आश्रम के जिला महासचिव अनिल गंजू, राधेश्याम गुप्ता सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।