संवाद न्यूज एजेंसी
धारूहेड़ा। कस्बे में मालपुरा गांव के समीप नेशनल हाईवे संख्या-48 पर फुट ओवरब्रिज बनवाने की मंजूरी मिल गई है। अब सिर्फ अथॉरिटी का साइन होना बाकी है। इसके बाद टेंडर की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। फुट ओवरब्रिज पर करीब 16 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
मालपुरा के समीप दिल्ली-जयपुर फुटओवर ब्रिज नहीं होने के कारण राहगीर तेज गति से चलते वाहनों के बीच हाईवे पार करने को मजबूर हैं। दिल्ली-जयपुर राजमार्ग पर पूरे दिन बड़ी संख्या में तेज रफ्तार से वाहन गुजरते हैं। ऐसे में सड़क पार करने के दौरान हादसे होने की आशंका बनी रहती है। सबसे ज्यादा समस्या स्कूल जाने वाले बच्चों, कंपनी के कर्मचारियों और बुजुर्गों को होती है। ऐसी स्थिति में यहां फुट ओवरब्रिज की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है। कागजी प्रक्रिया आगे बढ़ने के बाद लंबे समय से लोगों की यहां फुट ओवरब्रिज निर्माण की मांग भी पूरी होने की उम्मीद जग चुकी है।
एनएचएआई के अधिकारियों का कहना है कि जयपुर मुख्यालय कार्यालय से ओवरब्रिज के लिए फिलहाल मंजूरी मिल चुकी है। अथारिटी का साइन होना बाकी है। इसके बाद टेंडर की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। टेंडर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य करवाया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक लोगों को जल्द ही फुट ओवरब्रिज की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। संवाद
दो वर्ष पहले पूर्व डिप्टी सीएम ने दी थी बजट पास होने की जानकारी
जनवरी 2022 में मालपुरा में एक उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान हरियाणा के तत्कालीन पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने बताया था कि फुट ओवरब्रिज के लिए सरकार ने बजट पास कर दिया है। जल्द ही फुट ओवरब्रिज बनाकर गांव के लोगों की समस्याओं का समाधान कर दिया जाएगा। दो वर्ष बाद भी ब्रिज नहीं बनाया जा सका। ग्रामीणों का कहना है कि जल्द से जल्द अब इसका निर्माण होना चाहिए।
वर्जन
मालपुरा में बनने वाले फूट ओवरब्रिज पर बजट पास हो गया है और अथारिटी के साइन होना बाकी है। साइन होने के बाद टेंडर निकालकर कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।-योगेश तिलक, प्रोजेक्ट मैनेजर, एनएचएआई।