रेवाड़ी। मीरपुर स्थित इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय के वाणिज्य विभाग की ओर से पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड एमकॉम शुरू किया जा रहा है। इससे कॅरिअर का अवसर मिलेगा। यह जानकारी वाणिज्य विभाग के प्रोफेसर रविंद्र ने दी।
उन्होंने बताया कि इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय की ओर से स्नातक एवं एकीकृत पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी। विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन 20 मई से किए जा सकेंगे।
प्रो. रविंद्र ने कहा कि 12वीं के बाद सही पाठ्यक्रम का चयन विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा देता है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए 5 वर्षीय इंटीग्रेटेड एमकॉम कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है जो विद्यार्थियों को आधुनिक वाणिज्य शिक्षा के साथ-साथ व्यावसायिक दक्षता, शोध क्षमता एवं रोजगारपरक कौशल प्रदान करता है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में कॉमर्स क्षेत्र में करियर की अपार संभावनाएं उपलब्ध हैं। इस पाठ्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थी बैंकिंग, वित्तीय संस्थानों, कॉर्पोरेट सेक्टर, अकाउंटिंग, टैक्सेशन, ऑडिट, बीमा, निवेश प्रबंधन, डिजिटल मार्केटिंग, ई-कॉमर्स तथा सरकारी एवं निजी क्षेत्र की विभिन्न सेवाओं में उत्कृष्ट करियर बना सकते हैं।
इसके अतिरिक्त विद्यार्थी सीए, सीएस, सीएमए, नेट जेआरएफ तथा शोध कार्य जैसे उच्च शिक्षा एवं प्रतिस्पर्धी क्षेत्रों की तैयारी भी कर सकते हैं।
प्रवेश संबंधी अधिक जानकारी के लिए विद्यार्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर विजिट कर सकते हैं अथवा विभाग से संपर्क कर सकते हैं।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अंतर्गत संशोधित पाठ्यक्रम के आधार पर चलाए जा रहे इस 5 वर्षीय कोर्स में विद्यार्थियों को मल्टीपल एग्जिट ऑप्शन प्राप्त होते हैं।
एक वर्ष पूरा करने के उपरांत कॉमर्स विषय में सर्टिफिकेट, दो वर्ष पूर्ण होने के उपरांत डिप्लोमा, ती वर्ष पूरा होने के पश्चात बीकॉम की डिग्री, 4 वर्ष पूरे होने पर बीकॉम ऑनर्स की डिग्री और 5 वर्ष पूर्ण करने पर एमकॉम की डिग्री प्राप्त होती है। इच्छुक अभ्यर्थी 10 जून तक विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं।