रेवाड़ी जिले को पांच वेंटिलेटर मंगलवार की रात मिल गए हैं। इसमें से तीन को बुधवार को नागरिक अस्पताल रेवाड़ी में लगा दिया गया है और दो वेंटिलेटर कोसली में लगाने के आदेश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सोमवार को कोरोना संक्रमण समीक्षा बैठक के दौरान रेवाड़ी जिले को पांच वेंटिलेटर देने की घोषणा की थी। उपायुक्त यशेन्द्र सिंह ने बताया कि मंगलवार को ये वेंटिलेटर रेवाड़ी जिला को प्राप्त हो गए थे तथा तभी लगाने का काम भी शुरू हो गया था। तीन वेंटिलेटर स्थापित करके डॉक्टरों द्वार इनका ट्रायल लिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इन वेंटिलेटरों को चलाने के लिए पैरामेडिकल स्टाफ व डॉक्टर की नियुक्ति के लिए सीएमओ डॉ. सुशील माही को आदेश दिए गए हैं कि जिस भी मरीज को आवश्यकता हो इनका प्रयोग किया जाए। बता दें कि सोमवार को लोकनिर्माण विश्राम गृह में रेवाड़ी के नागरिक अस्पताल में वेंटिलेटर की कमी को लेकर मुद्दा उठाया गया था। जिस पर संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने तुरंत पांच वेंटिलेटर रेवाड़ी जिले को देने की घोषणा की थी। नागरिक अस्पताल रेवाड़ी को वेंटिलेटर की सुविधा मिलने से लोगों को विशेष रूप से लाभ होगा।