संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। 30वीं सब जूनियर राष्ट्रीय टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता 14 से 17 अक्तूबर तक राजस्थान के दौसा जिले के राजेश पायलट स्टेडियम में होगी। इसमें हरियाणा की टीम भाग लेगी। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए रेवाड़ी के पांच खिलाड़ियों का चयन किया गया है।
रेवाड़ी के चयनित खिलाड़ियों में पुनीत कुमार शर्मा, भाविक यादव, कार्तिक, यशविंदर और हर्षिल वर्मा शामिल हैं। ये सभी खिलाड़ी हरियाणा की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
हरियाणा टीम में चयनित होने पर डॉ. विभु पाल ने खिलाड़ियों और टीम कोच को बधाई दी है। हरियाणा टीम का नेतृत्व और प्रशिक्षण रेवाड़ी टेनिस बॉल क्रिकेट संघ के सचिव गोविंद शर्मा करेंगे।
हरियाणा की टीम में कुल पंद्रह खिलाड़ी शामिल हैं। इसमें चार खिलाड़ी अंबाला से, चार खिलाड़ी जींद से, दो खिलाड़ी करनाल से और पांच खिलाड़ी रेवाड़ी से चयनित हुए हैं।
गोविंद शर्मा ने कहा कि यह प्रतियोगिता युवा खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय मंच पर खुद को साबित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। हरियाणा की टीम की तैयारी और खिलाड़ियों का उत्साह देखकर उम्मीद की जा रही है कि वे प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करेंगे और राज्य के लिए गौरव हासिल करेंगे।