रेवाड़ी। जून का महीना समाप्त होने की ओर है लेकिन अभी तक पांच नई इलेक्ट्रिक बसें नहीं उपलब्ध कराई गई हैं। वर्तमान में रेवाड़ी डिपो में पांच इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध हैं जो रेवाड़ी और बावल के बीच नियमित रूप से संचालित हो रही हैं। जल्द नई इलेक्ट्रिक बसें मिलने की संभावना है, जो शहर के साथ-साथ ग्रामीण रूटों चलाई जाएंगी। इससे ग्रामीणों को आधुनिक और आरामदायक यात्रा की सुविधा मिल सकेगी।
रोडवेज विभाग की योजना के अनुसार भविष्य में जिले को कुल 45 इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराई जाएंगी। इन बसों को चरणबद्ध तरीके से प्रमुख रूटों पर उतारा जाएगा। साथ ही रेवाड़ी से गुरुग्राम के बीच भी इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू करने पर विचार किया जा रहा है। यदि यह योजना पूरी तरह लागू होती है, तो हजारों दैनिक यात्रियों को सस्ता, सुविधाजनक और प्रदूषण रहित सफर का लाभ मिलेगा।
सिटी सर्विस बस अड्डे का निर्माण कार्य शुरू होगा : शहर के प्रजापति चौक के निकट निर्माणाधीन नए बस अड्डे परिसर में जल्द ही आधुनिक सुविधाओं से युक्त सिटी सर्विस बस अड्डे का निर्माण कार्य शुरू होने जा रहा है। यह बस अड्डा पूरी तरह इलेक्ट्रिक बसों के संचालन, चार्जिंग, रखरखाव और तकनीकी सुविधाओं को ध्यान में रखकर विकसित किया जाएगा।
इस परियोजना पर लगभग 13.96 करोड़ रुपये की लागत आएगी। हरियाणा रोडवेज के अनुसार इस सिटी सर्विस बस अड्डे को करीब तीन एकड़ भूमि पर विकसित किया जाएगा। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी दिल्ली की एक एजेंसी को सौंपी गई है। एजेंसी को भूमि का आधिकारिक कब्जा और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर दी गई हैं, जिसके बाद जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। परियोजना को पूरा करने के लिए लगभग दो वर्ष का समय निर्धारित किया गया है।
बस अड्डे में होंगी ये सुविधा
इस बस अड्डे में इलेक्ट्रिक बसों के लिए अत्याधुनिक चार्जिंग स्टेशन, सर्विसिंग यूनिट, पार्किंग क्षेत्र, कंट्रोल रूम और यात्रियों के लिए प्रतीक्षालय जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे न केवल ई-बसों के संचालन में सुविधा होगी, बल्कि समय पर बस सेवाएं भी अधिक व्यवस्थित हो सकेंगी।
-
पांच नई इलेक्ट्रिक बसों के आने को लेकर मुख्यालय की तरफ से अभी कोई सूचना नहीं है। जल्द ही आधुनिक सुविधाओं से युक्त सिटी सर्विस बस अड्डे का निर्माण शुरू होने जा रहा है। - निरंजन शर्मा, महाप्रबंधक रेवाड़ी