रेवाड़ी। रेवाड़ी जंक्शन पर पांच नई ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीनें (एटीवीएम) लगा दी गईं हैं। इसके साथ ही पुरानी चार एटीवीएम को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। नई एटीवीएम लगने से अब यात्रियों को सहूलियत होगी। उन्हें टिकट खिड़की पर कतार में लगने से छुटकारा मिलेगा।
पहले लगी चार पुरानी एटीवीएम में लगातार तकनीकी खराबी आने के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कई बार मशीनें बीच में बंद हो जाती थीं या टिकट जारी करने में अधिक समय लगता था।
इसके चलते यात्रियों को मजबूरी में टिकट काउंटरों पर जाना पड़ता था। अब इन मशीनों को नई पीढ़ी की आधुनिक मशीनों से बदला गया है।
नई एटीवीएम मशीनें पहले की तुलना में अधिक तेज, सुविधाजनक और उपयोगकर्ता के अनुकूल हैं। इनके माध्यम से यात्री कम समय में अनारक्षित टिकट प्राप्त कर सकेंगे। इससे टिकट काउंटरों पर भीड़ कम होगी और यात्रियों के समय की बचत होगी।
रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को देखते हुए पांचों मशीनों के संचालन की अलग-अलग व्यवस्था की है। इनमें से चार मशीनों पर एटीवीएम फैसिलिटेटर तैनात रहेंगे। ये कर्मचारी निर्धारित टिकट शुल्क लेकर यात्रियों को मशीन से टिकट लेने की प्रक्रिया में सहायता करेंगे। इससे बुजुर्ग यात्रियों और पहली बार मशीन से टिकट लेने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।
वहीं, पांचवीं मशीन पूरी तरह सेल्फ सर्विस मोड में रहेगी। यात्री डिजिटल माध्यम से भुगतान कर स्वयं टिकट प्राप्त कर सकेंगे। यह सुविधा उन यात्रियों के लिए उपयोगी होगी, जो बिना सहायता के ऑनलाइन टिकट लेना चाहते हैं।