गांव के जोहड़ में मरी हुई मछलियां। स्रोत: ग्रामीण
रेवाड़ी। मलेशियावास गांव में जोहड़ में मछलियां मर गई हैं जिससे पूरे गांव में दुर्गंध फैल रही है। इससे ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जोहड़ के आसपास रहने वाले लोगों का बदबू के कारण घरों में रहना भी मुश्किल हो गया है।
कृष्ण ठेकेदार ने कहा कि गांव के जोहड़ की हालत बेहद खराब हो चुकी है। मछलियां मरने से उठ रही दुर्गंध पूरे गांव में फैल रही है लेकिन बार-बार शिकायतों के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस समाधान नहीं किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत की ओर से भी समस्या के समाधान के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया जा रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि जोहड़ की बदहाल स्थिति के कारण उसके किनारे बने कुओं के धंसने की आशंका भी बनी हुई है। समय रहते इस ओर ध्यान नहीं दिया गया तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों का कहना है कि जोहड़ की सफाई के साथ-साथ आसपास बने कुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी जरूरी है।
कृष्ण ठेकेदार ने कहा कि जोहड़ से उठ रही दुर्गंध के कारण आसपास का वातावरण प्रभावित हो रहा है। इससे ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ने और बीमारियां फैलने की आशंका बनी हुई है। उन्होंने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारियों से मांग की कि जोहड़ की तुरंत सफाई करवाई जाए और मरी हुई मछलियों को बाहर निकलवाया जाए।
इसके अलावा जोहड़ के पानी की जांच करवाकर समस्या के कारणों का पता लगाया जाए तथा किनारे बने कुओं की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। इस दौरान जितेंद्र, जगदीश हलवाई, सुनील, अनिल और संदीप सहित अन्य ग्रामीणों ने भी प्रशासन से जल्द कार्रवाई करने की मांग की।