रेवाड़ी। वर्ष 2022-23 की हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर (एचडब्ल्यूसी) योजना में सामने आए करीब 28 लाख रुपये के कथित घोटाले में स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। मामले में संबंधित अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं, ठेकेदार फर्म यादव प्रिंट आर्ट को ब्लैकलिस्ट करने और उसकी सिक्योरिटी राशि जब्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
मामला स्वास्थ्य केंद्रों पर फ्लैक्स बोर्ड लगाने के कार्य से जुड़ा है। योजना के तहत ठेकेदार फर्म को जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर जाकर फ्लैक्स बोर्ड लगाने थे। इसके बाद गठित कमेटी को मौके पर जाकर कार्य का भौतिक सत्यापन करना था। आरोप है कि कमेटी सदस्यों ने ठेकेदार फर्म के साथ मिलीभगत कर बिना मौके पर गए ही कार्यालय में बैठकर कागजों में सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कर दी।
जांच के दौरान जब तत्कालीन सीएमओ को मामले में गड़बड़ी की आशंका हुई तो उन्होंने संबंधित एसएमओ से 24 घंटे में जवाब मांगा। इसके जवाब में ईमेल के माध्यम से लिखा गया कि उनके यहां अभी तक कोई कार्य नहीं हुआ है। इस लिखित जवाब के बाद मामले में चल रहे कथित फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ।
आरोप है कि यादव प्रिंट आर्ट फर्म ने फ्लैक्स बोर्ड लगाए बिना ही सिविल सर्जन कार्यालय के अधिकारियों की मदद से अग्रिम भुगतान प्राप्त कर लिया था। विभाग ने इसे टेंडर की शर्तों का उल्लंघन माना है।
मामले में मुख्य आरोपी माने जा रहे तत्कालीन उप सिविल सर्जन डॉ. राजवीर सिंह को जांच के दौरान पहले ही निलंबित किया जा चुका है। वह वर्तमान में भी निलंबित चल रहे हैं। अब अन्य संबंधित अधिकारियों के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने अधिकारियों के खिलाफ आरोप पत्र तैयार कर 15 दिनों के भीतर सरकार को भेजने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। करीब 28 लाख रुपये के इस मामले में आने वाले दिनों में और भी निर्णय लिए जाने की संभावना है।