मुख्य सड़क के बीच जलती पराली को बुझाते फायरकर्मी। संवाद
धारूहेड़ा। गांव राजपुरा आलमगीरपुर के पास शनिवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चलते ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरी धान की पराली में आग लग गई। इसके बाद ट्रैक्टर चालक ने जलती हुई पराली को मुख्य सड़क के बीच में ही पलट दिया और मौके से चला गया। सड़क के बीचोंबीच जलती पराली के ढेर से राहगीरों और वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
यह मुख्य सड़क होने के कारण यहां से लगातार वाहनों की आवाजाही रहती है। आसपास कई वेयरहाउस और औद्योगिक इकाइयां होने के साथ-साथ स्कूलों की बसें भी इसी मार्ग से गुजरती हैं। ऐसे में सड़क के बीच जलती पराली से बड़ा हादसा होने की आशंका पैदा हो गई। आग की लपटों और धुएं के कारण सड़क से गुजरने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही धारूहेड़ा फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। दमकल कर्मचारियों की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया। राहत की बात रही कि इस घटना में किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
धारूहेड़ा फायर ब्रिगेड इंचार्ज देशराज यादव ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल गाड़ी को मौके पर भेजा गया था। टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया।
मुख्य सड़क पर इस तरह जलती पराली छोड़कर चले जाने की घटना से यातायात और आसपास की औद्योगिक इकाइयों की सुरक्षा को लेकर गंभीर खतरा पैदा हो सकता था। गनीमत रही कि समय रहते दमकल टीम पहुंच गई और आग पर काबू पा लिया गया।